Begusarai News : (एस एम बेग) बेगूसराय के नावकोठी में त्याग और बलिदान का पर्व ईद उल अजहा गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र में हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया. प्रखंड के कुल छह ईदगाहों और 11 मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अकीदत के साथ ईद उल अजहा की नमाज अदा की. नमाज के दौरान पूरे इलाके में भाईचारे और अमन का संदेश देखने को मिला.
ईदगाहों और मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़
विष्णुपुर, सैदपुर, देवपुरा, रजाकपुर, हसनपुर बागर और नावकोठी समेत विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बुजुर्ग, युवा और बच्चे रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सिर पर टोपी लगाए सामूहिक नमाज में शामिल हुए. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी.
प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट
ईद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. बीडीओ राहुल रंजन, थानाध्यक्ष मो. फिरदौस, बखरी पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर रामकुमार सिंह, सीओ सूरज कुमार समेत कई अधिकारी और पुलिस बल सुबह से ही विभिन्न मुस्लिम बहुल गांवों में भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे.
मुल्क की तरक्की और अमन-चैन की मांगी दुआ
नमाज के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अल्लाह से मुल्क की तरक्की, भाईचारा, अमन और शांति की दुआ मांगी. ईमान और अकीदत के साथ लोगों ने सामूहिक नमाज अदा की और समाज में सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया.
घरों में अदा की गई कुर्बानी की रस्म
ईद उल अजहा के मौके पर सक्षम और संपन्न लोगों ने अपने-अपने घरों में बकरे की कुर्बानी की रस्म अदा की. पूरे दिन लोगों के घरों में आपसी मेल-मिलाप और मुबारकबाद का दौर चलता रहा.
जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
मौके पर मुखिया राष्ट्रपति कुमार, दिनेश यादव, अजय सहनी, मुखिया प्रतिनिधि टुनटुन पोद्दार, रंजीत कुमार पमपम, मुकेश पासवान, सुरेंद्र पासवान, उप प्रमुख नंदकिशोर पासवान और जिप प्रतिनिधि डॉ. राजेंद्र शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.
