Begusarai District Magistrate: बेगूसराय के नए जिलाधिकारी के रूप में रिची पांडेय के नाम की चर्चा के साथ ही जिले में उनके पुराने कार्यकाल की यादें भी ताजा हो गई हैं. वर्ष 2019 में वे बेगूसराय में उप विकास आयुक्त यानी डीडीसी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. अब करीब सात वर्ष बाद एक बार फिर उन्हें बेगूसराय की प्रशासनिक जिम्मेदारी मिलने जा रही है.
2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं रिची पांडे
रिची पांडेय 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा आईएएस अधिकारी हैं. प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने वैशाली जिले के महुआ अनुमंडल में अनुमंडलाधिकारी के रूप में वर्ष 2018 से 2019 तक कार्य किया. महुआ में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं.
27 सितंबर 2019 को बने थे बेगूसराय के डीडीसी
महुआ एसडीओ के कार्यकाल के बाद रिची पांडेय का तबादला बेगूसराय किया गया. उन्होंने 27 सितंबर 2019 को बेगूसराय के उप विकास आयुक्त यानी डीडीसी के रूप में पदभार ग्रहण किया. उस समय जिले के जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा थे. अरविंद कुमार वर्मा से पहले राहुल कुमार बेगूसराय के जिलाधिकारी रह चुके थे. बेगूसराय में डीडीसी के रूप में रिची पांडेय ने विकास योजनाओं, ग्रामीण विकास और प्रशासनिक कार्यों की निगरानी की.उस दौरान जिला प्रशासन में उनकी सक्रिय भूमिका रही.
करीब पांच महीने बेगूसराय में रहे
रिची पांडे सितंबर 2019 से फरवरी 2020 तक बेगूसराय के डीडीसी के पद पर रहे. यानी करीब पांच महीने तक उन्होंने जिले में उप विकास आयुक्त की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद उनका तबादला पटना कर दिया गया, जहां उन्हें पुनः उप विकास आयुक्त के पद पर जिम्मेदारी दी गई.
अब फिर बेगूसराय की जिम्मेदारी
समय का पहिया घूमने के साथ एक बार फिर रिची पांडेय का जुड़ाव बेगूसराय से होने जा रहा है. इस बार वे जिले में डीडीसी नहीं,बल्कि जिलाधिकारी के रूप में प्रशासन की कमान संभालेंगे. ऐसे में उनके लिए बेगूसराय बिल्कुल नया जिला नहीं होगा. यहां की प्रशासनिक व्यवस्था और जिले के कई प्रमुख क्षेत्रों से वे पहले से परिचित रहे हैं. एक अधिकारी के रूप में बेगूसराय में उनका पुराना अनुभव अब उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है. विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था तक,जिले की कार्यप्रणाली से उनका पूर्व परिचय उन्हें नई जिम्मेदारी निभाने में मदद कर सकता है.
डीडीसी से डीएम तक का सफर
रिची पांडेय का बेगूसराय से यह दूसरा प्रशासनिक जुड़ाव होगा. वर्ष 2019 में जिस जिले में उन्होंने डीडीसी के रूप में विकास कार्यों की जिम्मेदारी संभाली थी,अब उसी जिले की सर्वोच्च प्रशासनिक जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी.यही वजह है कि उनके नए कार्यकाल को लेकर प्रशासनिक और आम लोगों के बीच खास दिलचस्पी देखी जा रही है.
