Begusarai Crime: (बिपिन राज की रिपोर्ट) चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया घाट बिंद टोली में एक महिला ने पांच युवकों पर घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता सरिता देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 11 जून की रात करीब 11:30 बजे वह घर के आंगन में बने शौचालय की ओर गई थीं. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार-पांच लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और उनके साथ जबरन दुष्कर्म किया. घटना के बाद वह बेहोश होकर आंगन में गिर गईं.
पति ने दी परिजनों को सूचना
आवेदन के अनुसार कुछ देर बाद उनके पति बाहर निकले तो उन्हें अचेत अवस्था में देखा. इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. पीड़िता को पहले बरौनी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया.
तीन नामजद, दो अज्ञात आरोपी
इलाज के बाद पीड़िता ने चकिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. आवेदन में गांव के ही तीन युवकों रामू महतो, सूरज कुमार और नितिश महतो सहित दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.
पुलिस कर रही जांच
चकिया थानाध्यक्ष राजीव कुमार रंजन ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पहले भी दर्ज हुआ था मामला
पीड़िता ने बताया कि करीब एक माह पूर्व भी कुछ लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और नकदी सहित सामान ले जाने का मामला दर्ज कराया गया था.
