बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र के नगर परिषद बलिया अंतर्गत लखमिनियां में शुक्रवार की रात करीब 10 बजे तीन की संख्या में आए बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
घायलों में नगर परिषद के वार्ड संख्या 21 की पार्षद साहिन प्रवीण के पति 41 वर्षीय इरशादुज्जमा और लखमिनियां निवासी मो. नेमत के 22 वर्षीय पुत्र मो. शाकिर शामिल हैं. दोनों घायलों का इलाज बेगूसराय के एक निजी क्लिनिक में चल रहा है, जहां इरशादुज्जमा की स्थिति बेहद नाजुक और गंभीर बनी हुई है.
परिजनों के मुताबिक, इरशादुज्जमा को दो गोलियां लगी हैं, जिनमें एक गोली उनके बाएं हाथ की उंगली और दूसरी दाहिने कंधे में जा धंसी. घटना के संबंध में बताया गया कि शुक्रवार की रात इरशादुज्जमा वार्ड 21 स्थित अपने कार्यालय से मोटरसाइकिल द्वारा अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनकी बाइक को रोककर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी के दौरान वे किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहे, जबकि अपराधी मौके से फरार हो गए.
जमीन विवाद और सुपारी देकर हत्या की साजिश का आरोप
घायल इरशादुज्जमा द्वारा पुलिस को दिए गए फर्द बयान के आधार पर यह बात सामने आई है कि वे जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं.
उनकी निजी जमीन को नगर परिषद बलिया को सड़क निर्माण के लिए दान दिया गया था, और इसी जमीन के मालिकाना हक को लेकर स्थानीय निवासी मो. शबीरउद्दीन के पुत्र मो. सहरोज उर्फ जंगली के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा था.
फर्द बयान में पुरानी रंजिश के चलते मो. सहरोज उर्फ जंगली, मो. शहनवाज, मो. अब्दुल और मुन्ना सिंह पर हत्या की गहरी साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया गया है.
बयान में यह भी सनसनीखेज खुलासा किया गया है कि इन आरोपियों द्वारा 15 लाख रुपये एकत्र कर डंडारी थाना क्षेत्र के दिलीप यादव और बेगूसराय के कंकौल निवासी मुकेश यादव को इस घटना को अंजाम देने के लिए सुपारी दी गई थी.
पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष सिंटू कुमार दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए हैं.
पुलिस ने घायल के फर्द बयान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लखमिनियां निवासी राधाकृष्ण सिंह के पुत्र मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
जिससे पुलिस हिरासत में गहन पूछताछ की जा रही है. इस मामले में बलिया थाने में कांड संख्या 489/26 दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और छानबीन कर रही है.
