पति ने दोस्त संग पत्नी को सुनसान जगह में गला दबाकर मारने की कोशिश

थाना क्षेत्र गुरुवार की शाम एक ऐसी खौफनाक साजिश का गवाह बना. जिसने इंसानी रिश्तों को कटघरे में खड़ा कर दिया.

छौड़ाही. थाना क्षेत्र गुरुवार की शाम एक ऐसी खौफनाक साजिश का गवाह बना. जिसने इंसानी रिश्तों को कटघरे में खड़ा कर दिया. जिस पति पर जीवन भर साथ निभाने की कसमें खाने का भरोसा था. वही पति अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या करने निकल पड़ा. यदि कुछ मिनट देर हो जाती, तो यह खबर एक रेस्क्यू नहीं बल्कि एक और महिला की हत्या की कहानी होती. घटना की पुरी स्क्रिप्ट पहले से ही तैयार की गयी थी और थाना क्षेत्र के काबर परिक्षेत्र के गुआवाड़ी में घटना को अंजाम देने से पहले ही छौड़ाही पुलिस की गशती दल ने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम के रहस्य का पटाक्षेप कर दिया. दरअसल मामला यह है कि खोदावंदपुर थाना अंतर्गत तारा बरियारपुर गांव निवासी अमित कुमार महतो की पत्नी खुशबू देवी को उसका पति जयमंगलागढ़ मंदिर दर्शन कराने का बहाना बनाकर घर से ले निकला. रास्ते में पहले से साजिश में शामिल अपने दोस्त चकवा गांव निवासी जितेंद्र कुमार को भी साथ कर लिया. गुरुवार की शाम छौड़ाही थाना क्षेत्र के गुवाबाड़ी बहियार के पास सुनसान सड़क पर पहुंचते ही दोनों हैवान बन गये. महिला के गले में फंदा डाली गई,और फिर क्या था हाथों से गला दबाकर उसे जिंदा खत्म करने की कोशिश की गयी.

चीखों के बीच पहुंची पुलिस, मौत के मुंह से लौटी जिंदगी : पीड़िता की चीख-पुकार और संघर्ष के बीच ही गश्ती कर रही छौड़ाही पुलिस को किसी महिला के चीखने की आवाज सुनायी दी और सड़क पर दो बाइक लावारिस स्थिति में नजर आया. पुलिस इस संदिग्ध गतिविधि पर नजर पड़ी. पुलिस वाहन देखते ही दोनों आरोपी घबरा गये और मौके से बाइक छोड़ फरार हो गया. पुलिस की तत्परता से बची खुशबू की जान तो बच गयी, जो कुछ पल पहले मौत से जूझ रही थी.

थाने में एफआइआर दर्ज कराने पहुंची पीड़िता ने किया खुलासा : घटना के बाद बदहवास हालत में छौड़ाही थाना में शुक्रवार को एफआइआर दर्ज कराने पहुंची पीड़िता खुशबू देवी ने बताया कि मेरा पति और उसका दोस्त पूरी योजना बनाकर मुझे यहां लाये थे. वे मुझे जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे. पुलिस समय पर नहीं आती तो मैं शायद आज जिंदा नहीं होती. महिला घटना की आपबीती सुनाते फफक कर रो पड़ी.

एक आरोपित गिरफ्तार, दो बाइक जब्त, पति फरार : छौड़ाही थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना में शामिल एक आरोपी जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटनास्थल से दो मोटरसाइकिलें जब्त की गयी है. पीड़िता के बयान के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जा रहा है. मुख्य आरोपित पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और परिजनों में भारी आक्रोश है. लोग स्तब्ध हैं कि एक पति इस हद तक गिर सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ अपराध नहीं, बल्कि समाज के भीतर पल रही हिंसक मानसिकता का खतरनाक संकेत है. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस की सक्रिय गश्ती व्यवस्था कई बार मौत को मात दे देती है. छौड़ाही पुलिस की सतर्कता ने एक महिला को नई जिंदगी दी, वरना यह घटना जिले की सबसे दर्दनाक वारदातों में शामिल हो जाती.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >