बलिया : जल जीवन हरियाली, दहेज उन्मूलन, बाल विवाह एवं नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए कला जत्था की टीम के द्वारा गांव-गांव, विद्यालय-विद्यालय पहुंचकर लगातार नुक्कड़ नाटक एवं गीत संगीत पेश कर लोगों को जागरूक करने का काम लगातार किया जा रहा है.
जिसके तहत सोमवार को बलिया प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय भगतपुर में दिनकर कला जत्था 2 की टीम के द्वारा जल जीवन हरियाली, दहेज उन्मूलन, बाल विवाह एवं नशा मुक्ति से संबंधित मनमोहक गीत संगीत एवं नुक्कड़ नाटक भी पेश किया गया.
इस जन-जागरण अभियान के तहत कला जत्था की टीम के द्वारा भगतपुर के ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को जागरूक करते हुए मानव श्रृंखला में शामिल होने का संकल्प भी दिलाया. कला जत्था की टीम द्वारा की गई प्रदर्शनी को देख लोगों ने खूब सराहा. मौके पर पंचायत के मुखिया जागेश्वर साह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहदेव प्रसाद सहित कई शिक्षक-शिक्षिका, ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
