युवाओं की तरह बुजुर्गों में दिखा उत्साह, इवीएम की खराबी के कारण विलंब से शुरू हुआ मतदान

बरौनी (नगर) /बीहट : कुछ बूथों पर इवीएम में आयी खराबी के कारण मतदान की प्रक्रिया देर से शुरू हुई. वहीं कुछ बूथों पर इवीएम को बदला भी गया. महात्मा गांधी हाइस्कूल मतदान केंद्र संख्या-241 पर मशीन में खराबी के कारण मतदान कुछ समय के विलंब हुआ. वहीं उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय खेमकरणपुर टोला बीहट […]

बरौनी (नगर) /बीहट : कुछ बूथों पर इवीएम में आयी खराबी के कारण मतदान की प्रक्रिया देर से शुरू हुई. वहीं कुछ बूथों पर इवीएम को बदला भी गया. महात्मा गांधी हाइस्कूल मतदान केंद्र संख्या-241 पर मशीन में खराबी के कारण मतदान कुछ समय के विलंब हुआ.

वहीं उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय खेमकरणपुर टोला बीहट के बूथ संख्या-222 और पिपरा देवस बूथ संख्या-84 पर भी मशीन में आयी खराबी के कारण आधा घंटा विलंब हुआ.इसके अलावा शंकर हाइस्कूल महना के बूथ संख्या-11, अमरपुर और जयनगर बूथ पर भी इवीएम के खराब होने की सूचना मिली.
चुनाव के दौरान डीएम व एसपी पूरी तरह से मुस्तैद दिखे. ताकि किसी को कोई परेशानी न हो. मतदान के लिए बुजुर्गों में युवाओं की तरह ही उत्साह दिखा. लड़खड़ाते कदमों और किसी के सहारे से ही सही एक मजबूत लोकतंत्र के लिए बुजुर्ग भी मतदान केंद्र तक आये और मतदान किया. वहीं कई दिव्यांग भी अपने जज्बात को दिखाने से नहीं चुके.
आदर्श मतदान केंद्रों पर दिखा उत्सवी माहौल
बरौनी प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय लगौली और मध्य विद्यालय हरपुर को आदर्श मतदान केंद्र बनाये गये थे. लगौली के आदर्श मतदान केंद्र संख्या-77 और हरपुर के मतदान केंद्र संख्या-32 एवं 33 को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. इसके अलावा बरौनी थर्मल स्थित विनोद केंद्र के मतदान केंद्र संख्या-274 एवं 278 को एनटीपीसी बरौनी के सहयोग से काफी सजाया-संवारा गया था.
यहां मतदाताओं के बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था की गयी थी.केंद्र पर बिजली, और शीतल पेयजल की सुविधा थी.वहीं मतदान कर निकले मतदाताओं को धन्यवाद पत्र के साथ चॉकलेट का वितरण किया गया. एनटीपीसी बरौनी के सीनियर प्रबंधक प्रशांत कश्यप के सौजन्य से विभिन्न बूथों पर मतदान कार्य कर रहे मतदान कर्मियों के लिए लगभग दो सौ टी-शर्ट और टोपी की व्यवस्था की गयी थी.
मीडियाकर्मियों का लगा रहा जमावड़ा
बीहट नगर परिषद क्षेत्र के मध्य विद्यालय मसनदपुर के बूथ संख्या-220 पर वोट डालने पहुंचे सीपीआइ प्रत्याशी कन्हैया कुमार को अपने कैमरों में कैद करने के लिए देश भर के मीडियाकर्मियों की भीड़ लगी रही. खास बात यह रही कि कन्हैया कुमार एक घंटे तक पंक्ति में खड़े रहे. इस बीच देश भर से आये मीडियाकर्मियों से रूबरू होते रहे.उन्होंने बूथ संख्या संख्या-220 पर अपना मत डाला.
चप्पे-चप्पे पर चौकस दिखे सुरक्षाकर्मी
चप्पे-चप्पे पर कड़ी चौकसी के बीच लोकसभा का चुनाव शांतिपूर्वक माहौल में संपन्न हो गया.सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह बरौनी बीडीओ सुनील कुमार ने बताया कि कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. विदित हो कि बरौनी प्रखंड में कुल मतदान केंद्रों की संख्या-276 थी जिसे इक्कीस सेक्टरों में बांटा गया था.
व्हील चेयर का सहारा ले पहुंची वृद्धा
बेगूसराय. शहर के जेके इंटर विद्यालय मतदान केंद्र पर एक पैर से लाचार वृद्ध महिला तिलक नगर निवासी मीरा सिन्हा व्हील चेयर पर बैठकर मतदान करने जब पहुंची.लोग आश्चर्य में पड़ गये .लोग सड़क से बूथ तक बड़ी कठिनाई से महिला को किसी तरह बूथ तक ले गये. परिजनों ने बताया कि वृद्धावस्था में एक तो पैर टूट चुका था. उस पर शारिरिक रूप से कमजोर भी थी. डॉक्टर ने आराम से रहने की सलाह दे रखी है.
सुबह से ही बूथों पर महिला वोटरों की रहीं लंबी कतारें
सोमवार को चुस्त प्रशासनिक व्यवस्था के बीच लोकसभा चुनाव संपन्न हो गया. कुछ मतदान केंद्रों पर मॉकपोल के दौरान इवीएम मे गड़बड़ी की शिकायतें मिली. जिसमें कहीं पर एक्सपर्ट के द्वारा मशीन को ठीक किया गया.तो कहीं पर इवीएम मशीन को बदल दिया गया.जबकि विधानसभा क्षेत्र में लगभग 62 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
चुनाव को लेकर चेेेरियाबरियारपुर विधानसभा क्षेत्र में बूथों पर सुबह से ही लंबी कतार दिखी. सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम दुर्गेश कुमार ने बताया शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र को 24 सेक्टरों में बांटा गया था.साथ ही 81 गश्ती दल के साथ दंडाधिकारी लगाये गये थे.कहीं से किसी प्रकार की शिकायतें नहीं मिली है.
इवीएम के साथ छेड़छाड़ की शिकायत, हंगामा, एक गिरफ्तार : मंझौल.मतदान के दौरान इवीएम के साथ छेड़छाड़ की सूचना मिलते ही एआरओ सह एसडीएम दुर्गेश कुमार एवं एसडीपीओ सूर्यदेव कुमार के नेतृत्व पुलिस बल पहुंच असामाजिक तत्वों को खदेड़ कर भगा दिया.
वहीं हंगामा कर रहे एक युुुवक को सीआरपीसी 151 के तहत गिरफ्तार किया है.जानकारी के अनुसार अनुमंडल मुख्यालय से सटे कमला गांव मध्य विद्यालय स्थित बूथ संख्या 208 पर वोटिंग करने गये मतदाता को इवीएम के साथ छेड़छाड़ करते देख पीठासीन पदाधिकारी ने मौजूद पुलिस कर्मी को सूचना दी .पुलिस कर्मी युवकों को खदेड़ कर भगा दिया.साथ ही इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी.सूचना पर मंझौल ओपी अध्यक्ष राजकुमार पहुंच हंगामा करते हुए कमला गांव निवासी मो हाफिज के पुत्र मो हिरासत में ले लिया.
बदले गये पीठासीन पदाधिकारी
मंझौल. लोकसभा चुनाव के मतदान के क्र म में पार्टी विशेष के बटन दबाने के लिए प्रेरित करने के आरोप पर एआरओ सह एसडीएम मंझौल दुर्गेश कुमार ने तैनात पीठासीन को बदल दिया.जानकारी के अनुसार संस्कृत पाठशाला मंझौल स्थित मतदान केंद्र संख्या 221 पर लगाये गये पीठासीन पदाधिकारी के द्वारा बूथ पर पहुंचने वाले मतदाता को पार्टी विशेष के प्रत्याशी के संख्या पर बटन दबाने के लिए प्रेरित कर रहे थे. मौके पर मौजूद मतदाता विरोध करते हंगामा शुरू कर दिया.मामले की संज्ञान लेते हुए एआरओ ने अविलंब पीठासीन पदाधिकारी को कार्य मुक्त करते हुए नये पीठासीन पदाधिकारी की तैनात कर दिया .

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >