कटोरिया प्रखंड क्षेत्र के तरगच्छा गांव में बुधवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान तरगच्छा गांव निवासी मिथिलेश कुमार यादव की 33 वर्षीया पत्नी आशा देवी के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार घर में गोतनी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विवाद के बाद आशा देवी ने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया. तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया
कीटनाशक पदार्थ के सेवन के बाद आशा देवी की हालत बिगड़ने लगी. जानकारी मिलने पर मायके से पहुंचे परिजन उन्हें गंभीर स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया लेकर पहुंचे. वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने महिला का प्राथमिक उपचार किया.
प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल बांका रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आशा देवी को मृत घोषित कर दिया.
परिवार में पसरा मातम
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घर में मातम का माहौल है. मृतका के 15 वर्षीय पुत्र बंटी कुमार और 12 वर्षीया पुत्री मनीषा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. मां बिरनी देवी, भाभी उर्मिला देवी, चचेरे भाई रोहित यादव समेत अन्य परिजन भी घटना के बाद से सदमे में हैं.
पारिवारिक विवाद के बाद उठाया कदम
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना से पहले घर में गोतनी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आशा देवी का विवाद हुआ था. इसके बाद कथित रूप से उन्होंने कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया. हालांकि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
महिला की मौत के बाद परिजनों में शोक की लहर है. घटना को लेकर गांव में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है.
