डायन का आरोप लगाकर महिला व दो बेटों की बेरहमी से पिटाई

डायन का आरोप लगाकर महिला व दो बेटों की बेरहमी से पिटाई

दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर फोड़ा बेटे का सिर, पुलिस मामले की जांच में जुटी

शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र में अंधविश्वास व कुप्रथा का एक खौफनाक मामला सामने आया है. एक महिला को ”डायन” बताकर गांव के ही कुछ दबंगों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि बीच सड़क पर उसके व उसके दो बेटों के साथ जमकर मारपीट की. इस हमले में महिला के बेटों को गंभीर चोटें आयी हैं. पीड़ित महिला ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि वह अपने बड़े बेटे के घर से छोटे बेटे के घर जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में गांव के ही संतोष दास, लालू दास, करण दास और रामजी दास सहित करीब 10 लोगों ने उन्हें घेर लिया. आरोपितों ने महिला पर ”डायन” होने का आरोप लगाते हुए भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं. महिला का आरोप है कि आरोपितों के घर में जब भी कोई सदस्य बीमार पड़ता है, तो वे इसका दोष महिला पर मढ़ देते हैं. उसे ”डायन” बताकर बार-बार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं. शनिवार को जब महिला ने गाली देने का विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया. मां को बचाने आए दोनों बेटों को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनके सिर फट गए. स्थानीय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह उनकी जान बचायी जा सकी.

पुलिस की कार्रवाई व आरोपित का पक्ष

दूसरी ओर, मुख्य आरोपित संतोष दास व अन्य ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है. जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >