मशाल खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित

प्लस टू गांधी उच्च विद्यालय, सबलपुर में मंगलवार को संकुल स्तरीय मशाल खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया.

पंजवारा. प्लस टू गांधी उच्च विद्यालय, सबलपुर में मंगलवार को संकुल स्तरीय मशाल खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया. इस अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुभाष कुमार, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष निखिल बहादुर सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य हरिओम शरण मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गान के साथ की गयी. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया. बीईओ सुभाष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है. इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बच्चों में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है. वहीं, जदयू प्रखंड अध्यक्ष निखिल बहादुर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी पंचायतों में खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है, जहां ओपन जिम की भी व्यवस्था की जा रही है. यह युवाओं के लिए एक सराहनीय पहल है. इस अवसर पर 60 मीटर दौड़, 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, क्रिकेट बॉल थ्रो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले संकुल के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के संगीत शिक्षक अंजन कुमार झा ने किया. साथ ही प्रतियोगिता के दौरान रेफरी की भूमिका निभाने वाले शिक्षक अविनाश कुमार झा, ध्रुव कुमार मंडल एवं आयोजन के संयोजक बालक मध्य विद्यालय लखपुरा के प्रधानाध्यापक राघवेंद्र झा को भी सम्मानित किया गया. मौके पर शिक्षक राजेश कुमार, रमन कुमार, रविन्द्र कुमार, कुमार शैलाजानंद सहित संकुल के विद्यालयों के अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GOURAV KASHYAP

GOURAV KASHYAP is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >