-जिले ने पहले मिले 286 एमटी के लक्ष्य को महज 10 दिनों में कर लिया था पूरा
बांकाजिले में रबी विपणन मौसम 2026-27 के तहत गेहूं खरीद के लक्ष्य में बड़ा इजाफा किया गया है. पहले जहां 286 एमटी का लक्ष्य निर्धारित था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 2756 एमटी कर दिया गया है. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है. सभी जिलों के लिए गेहूं अधिप्राप्ति लक्ष्य को संशोधित किया है. नया लक्ष्य मिलने के बाद जिला स्तर पर टास्क फोर्स की बैठक बुलायी जायेगी. बढ़े हुए लक्ष्य को चयनित समितियों के बीच बांटा जायेगा. जिले ने पहले मिले 286 एमटी के लक्ष्य को महज 10 दिनों में पूरा कर लिया था. इस दौरान 55 किसानों से गेहूं की खरीद की गयी और सभी को निर्धारित भुगतान भी समय पर कर दिया गया. सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जबकि खरीद की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित है. पहले चरण में 147 समितियों का चयन किया गया था, जिनमें 140 पैक्स और व्यापार मंडल शामिल थे. 124 समितियों का ही मैपिंग हो पाया था. इसके बावजूद 10 पैक्स व दो व्यापार मंडलों के माध्यम से लक्ष्य हासिल कर लिया गया. कृषि विभाग के अनुमानित आंकड़े के अनुसार इस बार जिले में एक लाख 84 हजार 853 एमटी गेहूं का उत्पादन हुआ है.
