मौके से चालक व सहचालक फरार
शंभुगंज. शंभुगंज-डलवा मोड़-खेसर मुख्य मार्ग पर करंजा गांव के समीप अनियंत्रित ट्रक ने बिजली के पोल में जोरदार टक्कर मार दी. इससे पोल पूरी तरह से टूट गया. घटना के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से आवागमन प्रभावित रहा. गनीमत रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति पोल की चपेट में नहीं आया. जानकारी के अनुसार, ट्रक खेसर से शंभुगंज की ओर आ रहा था. करंजा गांव के समीप पुलिया निर्माण कार्य चल रहा है, जहां पहुंचते ही तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित ट्रक सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि पोल टूटकर गिर गया और बिजली के तार सड़क पर फैल गये. हादसे के दौरान तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक और सहचालक ट्रक छोड़कर फरार हो गये थे. घटना के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही शंभुगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाना ले आयी. पुलिस ने जाम हटाकर धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया.थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि अभी तक विद्युत विभाग की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी. वहीं विद्युत विभाग के कनीय अभियंता राजीव कुमार ने कहा कि ट्रक चालक और वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
