टीएमबीयू में नामांकन की रफ्तार धीमी, सेमेस्टर वन में प्रथम मेधा सूची से दाखिले का आज आखिरी मौका
Bhagalpur News : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-30 के सेमेस्टर वन में प्रथम मेधा सूची से नामांकन का बुधवार को अंतिम दिन है. विश्वविद्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक केवल 6580 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कॉलेजों में दाखिला लिया है, जबकि प्रथम मेधा सूची में 23 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया था.
भागलपुर से आरफीन जुबैर की रिपोर्ट
Bhagalpur News : टीएमबीयू द्वारा जारी प्रथम मेधा सूची में 23 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को विभिन्न कॉलेजों में नामांकन के लिए चयनित किया गया था. इसके बावजूद नामांकन की गति काफी धीमी बनी हुई है. विश्वविद्यालय के अनुसार अब तक मात्र 6580 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया है. नामांकन केंद्रों पर भी छात्रों की संख्या अपेक्षाकृत कम देखी जा रही है. इससे विश्वविद्यालय प्रशासन की चिंता बढ़ गई है. अधिकारियों का मानना है कि यदि अंतिम दिन भी नामांकन की स्थिति में बड़ा सुधार नहीं हुआ तो कई सीटें खाली रह सकती हैं.
नामांकन तिथि बढ़ाने पर आज हो सकता है फैसला
विश्वविद्यालय के नोडल पदाधिकारी डॉ. एएन सहाय ने बताया कि नामांकन की स्थिति की समीक्षा के लिए बुधवार को नामांकन समिति की बैठक बुलाई गई है. बैठक में प्रथम मेधा सूची के आधार पर नामांकन की अवधि बढ़ाने पर विचार किया जायेगा. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र अभी तक नामांकन नहीं करा सके हैं. ऐसे में छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए तिथि विस्तार का निर्णय लिया जा सकता है. यदि ऐसा होता है तो चयनित अभ्यर्थियों को दाखिला लेने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा.
समर्थ पोर्टल अपडेट नहीं करने पर कॉलेजों को फटकार
डॉ. एएन सहाय ने बताया कि सभी कॉलेजों को पूर्व में निर्देश दिया गया था कि प्रतिदिन नामांकन की अद्यतन रिपोर्ट समर्थ पोर्टल पर अपलोड की जाए. बावजूद इसके अधिकांश कॉलेजों ने नियमित रूप से डेटा अपडेट नहीं किया है. इस कारण विश्वविद्यालय को वास्तविक नामांकन की स्थिति जानने में परेशानी हो रही है. मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएसडब्ल्यू प्रो. अर्चना साह ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र भेजकर पोर्टल अपडेट करने का निर्देश दिया है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी भी दी है.
दस नये डिग्री कॉलेजों में अब तक शुरू नहीं हुआ नामांकन
टीएमबीयू के अंतर्गत भागलपुर के छह और बांका जिले के चार नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में अब तक नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है. जबकि इन कॉलेजों के लिए 60 से अधिक छात्र-छात्राओं का चयन प्रथम मेधा सूची में किया गया है. विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों को मेधा सूची उपलब्ध करा दी गई है. इसके बावजूद नामांकन शुरू नहीं होने से चयनित छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले पर भी नजर बनाए हुए है और जल्द प्रक्रिया शुरू कराने की तैयारी कर रहा है.