धोरैया. धोरैया बाजार में अवस्थित क्लिनिकों व अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच बुधवार को जिला से आयी गठित टीम द्वारा की गयी. टीम में शामिल जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ सुनील चौधरी व जिला गुणवत्ता पदाधिकारी डॉक्टर जावेद अली द्वारा जीआरडी हॉस्पिटल, डीएन सिंह चौधरी क्लिनिक व सूची अल्ट्रासाउंड की जांच की गयी. बताया गया कि धोरैया में संचालित क्लिनिकों की गुणवत्ता और वैधानिकता सुनिश्चित करने हेतु जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत अवैध स्वास्थ्य संस्थानों पर नकेल कसने व मानक संचालन प्रक्रियाओं की समीक्षा हेतु विभिन्न बिंदुओं पर निरीक्षण किया गया. निरीक्षण में शामिल चिकित्सकों ने बताया कि वह इसकी जांच रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंपेंगे, हालांकि जांच टीम ने विशेष कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया. इस दौरान बताया गया कि सूची अल्ट्रासाउंड को बंद कर दिया गया है. वहीं अन्य क्लिनिकों के संचालकों से वैध कागजात की मांग की गयी है. बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसकी निरंतर निगरानी की जा रही है. किसी भी प्रकार के अवैध क्लिनिक या बिना पंजीकरण के चल रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. यह जांच प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी ताकि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और कानूनी रूप से वैध स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सके. मौके पर जांच टीम के संग चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मनेष पोद्दार, स्वास्थ्य प्रबंधक अवध किशोर श्यामला मौजूद रहे.
अल्ट्रासाउंड केंद्रों का गठित टीम ने की जांच, एक केंद्र को किया गया बंद
धोरैया बाजार में अवस्थित क्लिनिकों व अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच बुधवार को जिला से आयी गठित टीम द्वारा की गयी.
