आठ करोड़ की योजना, चार माह की सुस्ती : पापहारिणी सरोवर में लेजर-लाइट एंड साउंड शो बना फाइलों का शो

मंदार तराई स्थित पापहारिणी सरोवर में प्रस्तावित लेजर, लाइट और साउंड शो का कार्य चार माह बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है.

संजीव पाठक, बौंसी. मंदार तराई स्थित पापहारिणी सरोवर में प्रस्तावित लेजर, लाइट और साउंड शो का कार्य चार माह बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है. करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह महत्वाकांक्षी पर्यटन परियोजना विभागीय उदासीनता और संवेदक की लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है. करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस लेजर-लाइट शो का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है. निर्माण कार्य की रफ्तार इतनी धीमी है कि तय समय-सीमा का कोई अता-पता नहीं है. गौरतलब है कि जनवरी माह में एडीएम द्वारा कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिये गये थे, बावजूद इसके न तो पर्यटन विभाग ने सख्ती दिखाई और न ही संवेदक ने जिम्मेदारी निभायी. नतीजतन, यह परियोजना अब सवालों के घेरे में आ गयी है. स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भी काम को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है. यदि समय रहते जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो यह योजना भी अन्य अधूरी सरकारी परियोजनाओं की सूची में शामिल हो सकती है.

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मालूम हो कि बिहार पर्यटन विभाग के द्वारा स्थापित किया जा रहा आधुनिक लाइट एंड लेजर शो के आरंभ हो जाने से पर्यटकों का मनोरंजन होने के साथ-साथ मंदार क्षेत्र के इतिहास की भी जानकारी मिल पायेगी. मालूम हो कि देश के चुनिंदा पर्यटन स्थलों पर इस तरह का लेजर लाइट शो दिखाया जाता है. करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से कोलकाता की प्रीमियर वर्ल्ड टेक्नोलॉजी लिमिटेड कंपनी के द्वारा इसका कार्य किया जा रहा है. रोपवे प्रबंधक मुकेश कुमार की माने तो लाइट एंड लेजर शो के जरिये मंदार पर्वत की पौराणिक कथा, समुद्र मंथन के साथ-साथ क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन स्थल के इतिहास की जानकारी, प्रकाश ध्वनि और पानी के माध्यम से दिखाया जायेगा. पर्यटकों को भरपूर मनोरंजन देने के साथ-साथ यह अदभुत जानकारी भी देगा. बताया गया कि इसके जरिये मंदार क्षेत्र की आध्यात्मिक, पौराणिक, ऐतिहासिक जानकारी के साथ-साथ क्षेत्र के सांस्कृतिक महत्व को भी समझा जा सकेगा.

इस मामले में कंपनी के साइट इंचार्ज मोहित कुमार राय ने बताया कि फरवरी माह के अंत तक में इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >