बांका : शनिवार को भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना को लेकर बांका शहर समेत जिलेभर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. शहर के विजयनगर स्थित शनिदेव मंदिर में सुबह पांच बजे पट खुलते ही भक्त पूजा के लिए पहुंचने लगे. श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव को काले तिल, काले वस्त्र और नीले फूल अर्पित कर सुख-शांति और मनोकामना की कामना की.
शाम को महाआरती, फिर भव्य भंडारा
विजयनगर स्थित शनिदेव मंदिर में शाम को महाआरती के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा. मंदिर प्रबंधन के अनुसार बड़ी संख्या में शहरवासी भंडारे में शामिल होंगे और कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण करेंगे.
मान्यता है कि शनिदेव की पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं. यहां मिलने वाले प्रसाद को श्रद्धालु शनिदेव का आशीर्वाद मानकर ग्रहण करते हैं.
पुरानी ठाकुरबाड़ी से पंचमुखी मंदिर तक विशेष पूजा
शहर के पुरानी ठाकुरबाड़ी, भयहरण स्थान और बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर में भी सुबह और शाम विशेष पूजा-अर्चना तथा संध्या महाआरती का आयोजन होगा. अन्य मंदिरों के पट भी सुबह पांच बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये.
मंदार मधुसूदन मंदिर में पंचामृत से स्नान
मंदार स्थित मधुसूदन मंदिर में भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की गयी. सुबह 7:30 बजे पुजारी बिंदेश्वरी उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा ने भगवान को पंचामृत से स्नान कराया.
मंदिर की पूजा का कार्यक्रम :
- सुबह 7:30 बजे: पंचामृत स्नान
- दोपहर 12 बजे: भगवान को भोग
- दोपहर 1 बजे: श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पट खुलेंगे
- शाम 6 बजे: श्रृंगार पूजा और भव्य आरती
शनिवार को जिलेभर के मंदिरों में पूजा-अर्चना और महाआरती को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है.
