शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद की रिपोर्ट
Social Media Love Affair: बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र में एक प्रेम प्रसंग इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. आसाम की एक विवाहिता तीसरी बार अपने प्रेमी के घर पहुंच गई है. महिला का कहना है कि वह अब किसी भी कीमत पर वापस आसाम नहीं जाएगी और जीवनभर अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी. वहीं प्रेमी ने भी उसके साथ रहने की बात कही है. मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पर भी नजर बनी हुई है.
इंटरनेट मीडिया पर हुई थी दोनों की पहचान
जानकारी के अनुसार शंभुगंज की खपड़ा बस्ती निवासी अजय मंडल के पुत्र दया मंडल की पहचान इंटरनेट मीडिया के माध्यम से आसाम निवासी प्रतिमा घोष से हुई थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. इसके बाद दया मंडल कई बार आसाम जाकर प्रतिमा से मिलने लगा.
शादीशुदा है महिला, पांच वर्षीय बेटी की मां
आसाम की विवाहिता: प्रतिमा घोष की शादी करीब पांच वर्ष पहले पिंटू घोष से हुई थी. दंपती की एक पांच वर्षीय पुत्री भी है. करीब चार माह पहले दया मंडल प्रतिमा को अपने साथ लेकर चला आया था. इस मामले में प्रतिमा के पति ने आसाम के विजानी थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया था. बाद में परिजन महिला को वापस आसाम ले गए.
तीसरी बार पहुंची प्रेमी के घर
Social Media Love Affair: परिजनों के साथ लौटने के बावजूद प्रतिमा एक माह बाद फिर शंभुगंज पहुंच गई. इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस के हस्तक्षेप के बाद 18 जून को उसे दोबारा आसाम भेजा गया. लेकिन रविवार की शाम वह तीसरी बार फिर शंभुगंज स्थित प्रेमी के घर पहुंच गई.
महिला ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
प्रतिमा घोष का कहना है कि आसाम में उसके साथ प्रताड़ना की जाती थी और वह किसी तरह जान जोखिम में डालकर शंभुगंज पहुंची है. वहीं दया मंडल और प्रतिमा दोनों ने कहा कि अब वे अंतिम सांस तक साथ रहना चाहते हैं.
पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
इस प्रेम प्रसंग को लेकर खपड़ा बस्ती समेत पूरे शंभुगंज बाजार में चर्चा का माहौल है. फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर स्थानीय प्रशासन की नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़े : बांका में कब मिलेगी गर्मी से राहत? बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें अगले 48 घंटे का मौसम
