कटोरिया (बांका). कटोरिया थाना क्षेत्र के बड़वासिनी गांव में बारिश के पानी की निकासी को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल शुकर यादव की इलाज के दौरान मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी कलिया देवी, पुत्र बबलू यादव एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा.
पुलिस ने गांव पहुंचकर ली घटना की जानकारी
घटना की सूचना पर पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार दल-बल के साथ गांव पहुंचे. पीड़ित परिवार से विस्तृत जानकारी प्राप्त की. इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर गांव के चंद्रिका यादव, पूरन यादव, राजू यादव, सरस्वती देवी, सुनीता देवी, हरेंद्र यादव, मनोज यादव एवं अंकुश यादव सहित अन्य को नामजद अभियुक्त बनाया गया है.
दोनों पक्षों में चल रहा है भूमि विवाद
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पूर्व से भूमि विवाद चला आ रहा था. शुक्रवार को बारिश के पानी की निकासी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों व कुदाल से हमला हो गया. -दो लोग गंभीर रूप से हुए थे घायल मारपीट में शुकर यादव के अलावा पूरन यादव, चंद्रिका यादव व सरस्वती देवी गंभीर रूप से घायल हुए थे. प्राथमिक उपचार के बाद शुकर यादव व पूरन यादव को सदर अस्पताल, बांका रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान शुकर यादव ने दम तोड़ दिया.
अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी
पुलिस नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चला रही है. गांव में तनाव को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
