श्रावणी मेला 2026 : डीएम-एसपी ने कांवरिया पथ का किया निरीक्षण, दो दिन में सफाई पूरी करने के निर्देश

Shravani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर बांका के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को दो दिनों के भीतर सफाई पूरी करने और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

बेलहर बांका से अभय कुमार 'सोनू' की रिपोर्ट

Shravani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर बांका के नवनियुक्त जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने मंगलवार को कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण किया. दोनों अधिकारी बांका जिले की सीमा पर स्थित धौरी पंचायत के बदुआ नदी तट पहुंचे और वहां से कांवरिया पथ पर पैदल चलकर तैयारियों का जायजा लिया.

गंदगी देखकर अधिकारियों को लगाई फटकार

निरीक्षण के दौरान कांवरिया पथ के कई स्थानों पर फैली गंदगी देखकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई. उन्होंने निर्देश दिया कि पूरे कांवरिया पथ की साफ-सफाई दो दिनों के भीतर पूरी कर ली जाए. साथ ही मेला शुरू होने से एक सप्ताह पहले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, धर्मशाला और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह तैयार कर ली जाएं.

श्रद्धालुओं को मिलनी चाहिए बेहतर सुविधा

जिलाधिकारी ने कहा कि सुल्तानगंज से देवघर जाने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु बांका जिले से होकर गुजरते हैं. ऐसे में जिले में प्रवेश करते ही उन्हें बेहतर व्यवस्था और सेवा का अनुभव होना चाहिए. इसके लिए सभी विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि समन्वय के साथ सेवा भाव से कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

सुरक्षा के होंगे व्यापक इंतजाम

पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा. इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ विभिन्न स्थानों पर अस्थायी थाना, पुलिस चौकी, घुड़सवार गश्ती दल, वॉच टावर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि कांवरिया श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा बांका पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी.

पेयजल, बिजली और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने पेयजल, शौचालय, धर्मशाला, बिजली आपूर्ति और अतिक्रमण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की. संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इस दौरान जिले के कई वरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026 : कांवरियों के सफर को आरामदायक बनाने में जुटा प्रशासन, 55 किमी पथ पर तैयारियां तेज



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amit Kumar Sinh

Published by: Amit Kr Sinha

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >