कटोरिया, बांका. कटोरिया बाजार के सुईया रोड स्थित उत्तम प्रसाद यादव डिग्री महाविद्यालय, पिंड़रा के कार्यालय में इन दिनों छात्रवृत्ति का फॉर्म भरने को लेकर स्नातक की छात्राओं की काफी भीड़ जुट रही है. स्नातक सत्र 2026-30 में अध्ययनरत छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर रही हैं. छात्राओं में छात्रवृत्ति को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
31 अगस्त तक किया जा सकेगा आवेदन
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. अंतिम तिथि नजदीक आने के कारण कॉलेज कार्यालय में आवेदन करने वाली छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. कॉलेज के अनुसार अब तक करीब 350 छात्राओं द्वारा स्कॉलरशिप के लिए आवेदन किया जा चुका है. अंतिम दिनों में आवेदन करने वाली छात्राओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है.
पिछले सत्र में 225 छात्राओं ने किया था आवेदन
कॉलेज के प्राचार्य सूरज प्रभात ने बताया कि पिछले स्नातक सत्र 2025-29 में भी छात्राओं ने इस छात्रवृत्ति योजना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था. उस सत्र में करीब 225 छात्राओं द्वारा आवेदन किया गया था. उन्होंने बताया कि इस बार छात्राओं में योजना के प्रति पहले से अधिक जागरूकता और उत्साह देखने को मिल रहा है.
प्रत्येक सेमेस्टर में मिल रही 25 से 30 हजार की छात्रवृत्ति
प्राचार्य ने बताया कि योजना के तहत चयनित छात्राओं को प्रत्येक सेमेस्टर में करीब 25 से 30 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति प्राप्त हो रही है. इससे छात्राओं को उच्च शिक्षा से जुड़े खर्चों को पूरा करने में मदद मिल रही है.
आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए मददगार
प्राचार्य सूरज प्रभात ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाली छात्राओं के लिए इस तरह की छात्रवृत्ति उच्च शिक्षा जारी रखने में काफी मददगार साबित हो सकती है. कॉलेज स्तर पर छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है. अंतिम तिथि करीब होने के कारण कॉलेज परिसर में छात्राओं की बढ़ती भीड़ से साफ है कि उच्च शिक्षा के साथ आर्थिक सहयोग पाने को लेकर छात्राओं में जागरूकता बढ़ रही है.
