भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ बांका की सड़क पर उतरेगा राजद, 9 जून को प्रखंड मुख्यालयों पर होगा धरना
Banka News : बिहार में बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. पार्टी 9 जून को राज्यभर के प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेगी. इसकी तैयारी को लेकर बांका जिले में संगठन प्रभारी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रणनीति बनाई और सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया.
अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट
Banka News : अमरपुर में राजद कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक में पार्टी नेताओं ने आगामी धरना-प्रदर्शन कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की. बिहार में बढ़ते भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल द्वारा राज्यव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा. इसी कड़ी में 9 जून को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर और 17 जून को जिला मुख्यालय बांका में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा.
बांका जिले के लिए नियुक्त किये गये संगठन प्रभारी
राजद द्वारा आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए सभी जिलों में संगठन प्रभारियों की नियुक्ति की गई है. बांका जिले के लिए नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी शेख जिया उल हसन को संगठन प्रभारी बनाया गया है. अमरपुर बस स्टैंड पहुंचने पर उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की.
9 जून को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर होगा प्रदर्शन
बैठक में शेख जिया उल हसन ने बताया कि उनके नेतृत्व में 9 जून को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रत्येक प्रखंड में अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है. पार्टी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
17 जून को बांका में होगा विशाल धरना
राजद नेताओं ने बताया कि प्रखंड स्तर के कार्यक्रम के बाद 17 जून को जिला मुख्यालय बांका में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. इसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल होंगे. आंदोलन के माध्यम से सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
सरकार पर साधा निशाना
बैठक के दौरान शेख जिया उल हसन ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान में विफल रही है. इसी कारण राजद जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने का निर्णय लिया है.
गमछे के रंग वाले बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री के गमछे के रंग को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि हरा रंग देश के राष्ट्रीय ध्वज का भी हिस्सा है. उन्होंने कहा कि हरियाली विकास, समृद्धि और धरती की पहचान है. राजद हमेशा जमीन से जुड़ी राजनीति करती रही है और जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करती है.
कार्यकर्ताओं से की आंदोलन सफल बनाने की अपील
बैठक के अंत में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से आगामी धरना-प्रदर्शन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर चलाया जा रहा यह आंदोलन व्यापक जनसमर्थन के साथ सफल बनाया जाएगा.