प्रभात इंपैक्ट : खबर छपते ही जागा स्वास्थ्य विभाग, पीसीसी पथ की करायी गयी घेराबंदी
Prabhat Khabar Impact : चांदन प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाले पीसीसी मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है. स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अस्पताल प्रबंधन ने पोखर के अड्डा के समीप बने पीसीसी मार्ग के किनारे लोहे की पाइप लगाकर घेराबंदी कराई है. इससे दुर्घटना की आशंका काफी हद तक कम हो गयी है.
चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट
Banka News : चांदन प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदन तक पहुंचने वाले पीसीसी मार्ग की सुरक्षा को लेकर उठाए गए मुद्दे पर स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता दिखाई है. प्रभात खबर में इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया. इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा पीसीसी मार्ग के किनारे लोहे की पाइप लगाकर घेराबंदी कराई गई. लंबे समय से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण लोगों में चिंता बनी हुई थी. अब घेराबंदी होने से मरीजों, एंबुलेंस चालकों और आम लोगों को राहत मिली है.
पोखर के गहरे किनारे से बनी रहती थी दुर्घटना की आशंका
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाला यह पीसीसी मार्ग पोखर के अड्डा के समीप बना हुआ है. मार्ग के एक किनारे गहरा पोखर होने के कारण यहां हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती थी. खासकर रात के समय और बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती थी. प्रतिदिन इसी रास्ते से मरीजों को लेकर एंबुलेंस अस्पताल पहुंचती है. स्थानीय लोगों का कहना था कि थोड़ी सी असावधानी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. इसी खतरे को देखते हुए मामले को प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद विभाग हरकत में आया.
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
घेराबंदी का कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया है. उनका कहना है कि यह कदम जनहित में बेहद महत्वपूर्ण है और इससे भविष्य में संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा. लोगों ने कहा कि समाचार प्रकाशित होने के बाद इतनी शीघ्र कार्रवाई होना सकारात्मक पहल है. ग्रामीणों और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों ने प्रभात खबर की जनसरोकार वाली पत्रकारिता की सराहना की. साथ ही स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित किया.
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से मिलेगी राहत
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर चांदन सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आशीष कुमार की देखरेख में यह कार्य कराया गया. लोहे की पाइप से की गई घेराबंदी के बाद अब मार्ग अधिक सुरक्षित हो गया है. इससे मरीजों, एंबुलेंस चालकों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. स्थानीय लोगों का मानना है कि इस प्रकार की छोटी लेकिन जरूरी पहलें आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह त्वरित कार्रवाई होती रहेगी.