Illegal Sand Mining: बेलहर (बांका). अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलहर थाना पुलिस ने चतराहन गांव के समीप बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार हो गया. वहीं पुलिस ने पासर गिरोह के एक सदस्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके खिलाफ पूर्व से वारंट लंबित होने के कारण उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
गुप्त सूचना पर की गई घेराबंदी
थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सुईया थाना क्षेत्र के बदुआ नदी स्थित भूसी घाट से अवैध बालू खनन कर ट्रैक्टरों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने झुमका-बेला मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान झुमका की ओर से आ रहे एक बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना पहुंचा दिया.
पासर गिरोह के सदस्य की गिरफ्तारी
कार्रवाई के दौरान बेला गांव निवासी विनोद यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. जांच के दौरान उसके खिलाफ पहले से न्यायालय का वारंट लंबित होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.
रातभर चलता है अवैध बालू खनन
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बदुआ नदी के कैलाश पहाड़ी, घोड़बहियार और बेला क्षेत्र में शाम ढलते ही अवैध बालू खनन शुरू हो जाता है. यह गतिविधि देर रात से लेकर सुबह 7 से 8 बजे तक जारी रहती है. ग्रामीणों का आरोप है कि इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है और नदी क्षेत्र के पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
खनन विभाग को भेजी गई रिपोर्ट
Illegal Sand Mining: थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. जब्त ट्रैक्टर के संबंध में जांच प्रतिवेदन खनन विभाग को भेज दिया गया है. विभागीय स्तर पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
