व्हाट्सएप APK से 22 लाख की साइबर ठगी मामले में दिल्ली पुलिस ने अमरपुर से आरोपी को दबोचा

Banka News : एक साधारण व्हाट्सएप फाइल ने जब बैंक खाते पर साइबर हमला किया तो पलभर में 22 लाख रुपये गायब हो गए. इसी हाई-टेक ठगी मामले की जांच में बड़ी सफलता हाथ लगी है. दिल्ली साइबर पुलिस ने तकनीकी ट्रैकिंग के आधार पर बिहार के अमरपुर से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिससे साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है.

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

Banka News : दिल्ली के शहादरा साइबर थाना में दर्ज एक बड़े साइबर ठगी मामले की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने अमरपुर प्रखंड के भदरिया पंचायत से एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह मामला व्हाट्सएप पर भेजी गई एक संदिग्ध APK फाइल से जुड़ा है, जिसके जरिए पीड़ित के बैंक खाते से करीब 22 लाख रुपये की निकासी कर ली गई थी.

व्हाट्सएप APK फाइल बनी ठगी का हथियार

जांच में सामने आया कि पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी गई थी. जैसे ही उसने उस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल किया, साइबर अपराधियों ने उसके मोबाइल तक पहुंच बना ली और बैंक खाते से बड़ी राशि निकाल ली. यह मामला साइबर ठगी के हाई-टेक तरीके को उजागर करता है.

तकनीकी जांच से ट्रेस हुआ आरोपी

दिल्ली साइबर पुलिस टीम के एसआई अनुज प्रधान, आरक्षी हितेंद्र तोमर और देवेंद्र चौधरी ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की. जांच में पता चला कि आरोपी सोनेलाल दास झारखंड के दुमका जिले के मालझारी का रहने वाला है और वर्तमान में अपने ससुराल अमरपुर के भदरिया पंचायत में रह रहा था.

अमरपुर में छापेमारी कर गिरफ्तारी

लोकेशन कन्फर्म होने के बाद दिल्ली पुलिस ने अमरपुर के भदरिया पंचायत स्थित ससुराल में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे आवश्यक मेडिकल जांच के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां औपचारिकताएं पूरी की गईं.

नेटवर्क की कड़ियों की जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली पुलिस अब इस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी की गई रकम किन-किन बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है.

जांच जारी, बड़े खुलासे की उम्मीद

मामले में पुलिस को उम्मीद है कि आगे की जांच में और भी बड़े साइबर अपराधियों के नाम सामने आ सकते हैं. फिलहाल आरोपी को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई है और पूछताछ जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >