Banka Vehicle Theft : बांका शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. ताजा मामलों में विजयनगर मोहल्ले से देर रात एक पिकअप वाहन चोरी कर लिया गया, जबकि गांधी चौक के समीप दिनदहाड़े एक सब्जी विक्रेता का टोटो भी चोर उड़ा ले गए. दोनों मामलों में पीड़ितों ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस जांच में जुट गई है.
CCTV में कैद हुई पिकअप चोरी
विजयनगर मोहल्ला निवासी आयुष कुमार ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह अपना पिकअप वाहन दसगर्दा चौक के पास घर के समीप खड़ा कर सो गए थे. देर रात करीब दो बजे अज्ञात चोर वाहन लेकर फरार हो गए. सुबह वाहन गायब मिलने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना कैद मिली.
अमरपुर के पास मिला GPS, वाहन का नहीं लगा सुराग
वाहन मालिक ने बताया कि पिकअप में जीपीएस लगा हुआ था. लोकेशन ट्रैक करने पर उसका अंतिम सिग्नल रात करीब तीन बजे अमरपुर थाना क्षेत्र के बाछागंज गांव के समीप मिला. जब वहां लोगों को भेजा गया तो सड़क किनारे जीपीएस डिवाइस फेंका हुआ मिला, लेकिन पिकअप का कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है.
दिनदहाड़े सब्जी विक्रेता का टोटो भी चोरी
दूसरी घटना गांधी चौक के आगे जेल गेट के समीप हुई. केवलडीह गांव निवासी सब्जी विक्रेता वकील मंडल ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह टोटो पर सब्जियां लेकर बाजार आए थे. सब्जी बेचने के दौरान उन्होंने टोटो सड़क किनारे खड़ा कर दिया था. दोपहर में लौटने पर टोटो गायब मिला. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला.
पुलिस कर रही जांच
दोनों पीड़ितों ने सदर थाना में अलग-अलग आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी गए वाहनों की बरामदगी की मांग की है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है.
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि वाहन चोरों के बढ़ते दुस्साहस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को रात्रि गश्त और निगरानी और सख्त करनी होगी.
