पंजवारा बांका से गौरव कश्यप की रिपोर्ट
Panjwara Garbage Problem : बिहार-झारखंड को जोड़ने वाले बांका जिले के पंजवारा बाजार स्थित पुल के समीप कचरे का अंबार लग गया है. पुल के नीचे पहले से ही सफाई व्यवस्था बदहाल है, वहीं अब पुल के दोनों ओर सड़क किनारे लगातार कचरा फेंके जाने से दुर्गंध फैल रही है. इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बरसात में बढ़ी परेशानी, बीमारी फैलने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार पुल के आसपास घरेलू कचरा, प्लास्टिक, सड़ी-गली सब्जियां और अन्य अपशिष्ट खुले में फेंके जा रहे हैं. बरसात के मौसम में यह कचरा तेजी से सड़ने लगता है, जिससे दुर्गंध और अधिक बढ़ जाती है. सड़क किनारे फैली गंदगी के कारण लोगों का गुजरना मुश्किल हो गया है. सुबह और शाम के समय अधिक आवाजाही होने से समस्या और गंभीर हो जाती है.
दुर्गंध से दुर्घटना का भी बना रहता है खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज बदबू से बचने के प्रयास में कई बार वाहन चालक असंतुलित हो जाते हैं, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग से की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है. कभी-कभार सफाईकर्मी पहुंचकर औपचारिक सफाई कर देते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में फिर कचरे का ढेर लग जाता है.
नियमित सफाई और कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल के आसपास नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के मौसम में यह समस्या और विकराल हो सकती है.
चिकित्सक बोले- बढ़ सकता है डेंगू और मलेरिया का खतरा
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि खुले में पड़े कचरे और गंदगी से मच्छर एवं मक्खियों का प्रकोप तेजी से बढ़ता है. इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों की नियमित सफाई, कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है.
ये भी पढ़ें : आज पूरे बिहार में आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश, अगले 5 दिनों तक के लिए अलर्ट जारी
