अमरपुर में पुल निर्माण के नाम पर तोड़ा गया पुराना नाला, संवेदक की मनमानी से भड़के ग्रामीण, डीएम से की शिकायत

Banka News : विकास कार्यों के बीच यदि मूलभूत सुविधाएं ही प्रभावित होने लगें तो लोगों की परेशानी बढ़ना स्वाभाविक है. बांका नगर परिषद के सैजपुर वार्ड में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां पुल निर्माण कार्य के दौरान वर्षों पुराने आरसीसी नाले को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. ग्रामीणों का आरोप है कि अब उसकी जगह मानकों के विपरीत ह्यूम पाइप लगाया जा रहा है, जिससे भविष्य में जलनिकासी की गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है.

बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट

Banka News : बांका नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-06 स्थित सैजपुर गांव में ओढ़नी नदी पर पुल निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों और संवेदक के बीच विवाद गहराता जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण के दौरान वर्षों पुराने आरसीसी नाले को तोड़ दिया गया और अब उसकी जगह ह्यूम पाइप लगाकर काम पूरा करने की कोशिश की जा रही है. इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है.

जलनिकासी व्यवस्था पर मंडरा रहा संकट

ग्रामीणों का कहना है कि जिस आरसीसी नाले को तोड़ा गया, वह वर्षों से गांव की जलनिकासी का प्रमुख माध्यम था. उसकी जगह लगाए जा रहे ह्यूम पाइप की क्षमता पर्याप्त नहीं है. ऐसे में बरसात के दिनों में नाले का पानी सही तरीके से नहीं निकल पाएगा और गांव में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है.

ह्यूम पाइप में भर गया कीचड़

स्थानीय लोगों ने बताया कि पाइप बिछाने के दौरान ही ह्यूम पाइप के अंदर भारी मात्रा में मिट्टी और कीचड़ भर गया है. ऐसे में पानी का प्रवाह बाधित होना तय है. ग्रामीणों का दावा है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

ग्रामीणों ने लगाया मनमानी का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है. उनका कहना है कि संवेदक द्वारा जल्दबाजी में काम कराया जा रहा है, जबकि स्थानीय लोगों की आपत्तियों को नजरअंदाज किया जा रहा है.

धमकी मिलने का भी लगाया आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाया तो संवेदक के कर्मियों ने उन्हें सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाकर कार्रवाई की धमकी दी. इससे वार्ड के लोग भय और असमंजस की स्थिति में हैं.

डीएम समेत वरीय अधिकारियों से की शिकायत

मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर जांच की मांग की है. उन्होंने क्षतिग्रस्त आरसीसी नाले का पुनर्निर्माण कराने तथा निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित अनियमितताओं की जांच कराने की अपील की है.

ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की मांग उठाई

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आरसीसी नाले का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के मौसम में पूरे इलाके को जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ सकता है. लोगों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >