सीएचसी जाने वाली पीसीसी सड़क पर गार्डवॉल नहीं, एंबुलेंस सवार मरीजों की जान खतरे में
Banka News : जहां एक ओर अस्पताल जीवन बचाने का केंद्र है, वहीं चांदन सीएचसी तक जाने वाली सड़क खुद मौत का जोखिम बन गई है. पोखर किनारे बनी पीसीसी सड़क पर गार्डवॉल नहीं होने से हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के चांदन प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तक पहुंचने वाली पीसीसी सड़क पर सुरक्षा दीवार (गार्डवॉल) नहीं होने से गंभीर खतरा बना हुआ है. यह सड़क पोखर के किनारे से होकर गुजरती है, जहां एंबुलेंस से मरीजों को लाया और ले जाया जाता है. ऐसे में मरीजों की जान हमेशा जोखिम में रहती है.
पोखर किनारे बनी सड़क बनी खतरे का रास्ता
सीएचसी तक पहुंचने वाली पीसीसी सड़क का निर्माण पोखर के किनारे स्थित अड्डा पर किया गया है. लेकिन सड़क के दोनों ओर गार्डवॉल नहीं होने के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. खासकर रात के समय यह खतरा और भी बढ़ जाता है, जब दृश्यता कम हो जाती है.
एंबुलेंस सेवा पर भी मंडरा रहा खतरा
इस मार्ग से नियमित रूप से एंबुलेंस का आवागमन होता है. मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान जरा सी चूक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति सीधे तौर पर मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है.
डीएम के निर्देश के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार बांका डीएम ने चांदन सीएचसी के निरीक्षण के दौरान इस सड़क पर गार्डवॉल निर्माण का स्पष्ट निर्देश दिया था. इसके बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है. स्थानीय लोगों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर नाराजगी है.
अंधेरे में बढ़ जाता है खतरा
ग्रामीणों के अनुसार शाम ढलने के बाद यह सड़क और अधिक खतरनाक हो जाती है. अंधेरे में पोखर के किनारे से गुजरना जोखिम भरा साबित हो सकता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है.
मुखिया ने बताई काम रुकने की वजह
चांदन पंचायत के मुखिया अनिल कुमार ने बताया कि मनरेगा योजना के तहत काम शुरू किया गया था, लेकिन मजदूरी भुगतान से संबंधित तकनीकी समस्या के कारण निर्माण कार्य रोक दिया गया है. उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना चाहिए.
स्थानीय लोगों की मांग जल्द बने गार्डवॉल
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गार्डवॉल का निर्माण कराया जाए ताकि एंबुलेंस और मरीजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके. लोगों का कहना है कि यह केवल सड़क नहीं, बल्कि जीवन और मृत्यु से जुड़ा मुद्दा है.