श्रावणी मेला 2026 : कांवरियों की सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन अलर्ट, NH-133E पर शुरू हुई तैयारियां

Shravani Mela 2026 : बाबा बासुकीनाथ जाने वाले लाखों कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. अधिकारियों की संयुक्त टीम ने NH-133E का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

बौसी,(बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Shravani Mela 2026 : बाबा बासुकीनाथ जाने वाले लाखों कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार को अधिकारियों की संयुक्त टीम ने भागलपुर-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-133E) का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की. प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं.

NH-133E पर अधिकारियों ने किया विस्तृत निरीक्षण

श्रावणी मेले के दौरान भागलपुर के गंगा घाट से जल लेकर बाबा बासुकीनाथ धाम जाने वाले लाखों कांवरियों की आवाजाही इसी मार्ग से होती है. इसे देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने भागलपुर-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-133E) का विस्तृत निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से आकलन किया गया.

सड़क मरम्मत और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर

जिला परिवहन पदाधिकारी अन्नू कुमारी ने बताया कि जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर निरीक्षण किया गया है. इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन की संभावनाओं और अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई.

निरीक्षण के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, ताकि आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा सके.

कांवरियों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता

एसडीएम राजकुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावण माह शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं. उन्होंने सड़क किनारे मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा.

बौसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि कांवरियों की सुरक्षा को लेकर विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है. इसके लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.

सभी विभागों के बीच होगा बेहतर समन्वय

निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी अन्नू कुमारी, यातायात डीएसपी नीरज कुमार, अंचलाधिकारी कुमार रवि, प्रखंड विकास पदाधिकारी हर्ष पराशर तथा इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.

लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए तैयारी तेज

हर वर्ष श्रावणी मेले में बिहार, झारखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु भागलपुर के गंगा घाट से जल भरकर बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार भी प्रशासन पहले से ही सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारी कर रहा है.

ये भी पढ़ें : अमरपुर दोहरे हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा, पुलिस ने मुख्य आरोपित को बेगूसराय से किया गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit Kr Sinha

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >