कटोरिया (बांका). राधानगर स्थित कालीमंदिर ठाकुरबाड़ी सेवा समिति की ओर से रविवार को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित शिक्षिका खुशबू कुमारी के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान गांव के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. सम्मान समारोह में अपने संघर्ष और सफलता के सफर को साझा करते हुए शिक्षिका ने दिवंगत पिता को याद किया और भावुक हो गईं.
खुशी के इस क्षण में पापा की कमी रुला रही
समारोह में शिक्षिका खुशबू कुमारी ने कहा कि जब टीईटी परीक्षा का रिजल्ट आया था, तब उनके पिता स्व. राजेंद्र साह अखबार लेकर दौड़ते हुए घर पहुंचे थे. उन्होंने सबसे पहले अपने भाई अर्जुन साह को परीक्षा में सफलता की खुशखबरी सुनाई थी. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने के बाद उन्हें जगह-जगह सम्मानित किया जा रहा है. काश, इस खुशी के मौके पर उनके पापा मौजूद होते, तो उन्हें कितनी खुशी होती. पिता को याद करते हुए खुशबू कुमारी फूट-फूटकर रोने लगीं. इस दौरान समारोह में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे.
शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे कार्य के लिए प्रयासरत रहेंगी
खुशबू कुमारी ने कहा कि सम्मान और सफलता के सफर में उन्हें अपने गांव राधानगर और यहां के लोगों का स्नेह हमेशा याद आता रहा है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अच्छे कार्य करने और शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देने के लिए वह निरंतर प्रयास करती रहेंगी.
गांव की बेटी का ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
स्थानीय समाजसेवी अर्जुन साह के संयोजन में आयोजित समारोह का संचालन बुद्धिजीवी विजय आनंद ने किया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, गणमान्य लोगों और राधानगर के ग्रामीणों ने शिक्षिका खुशबू कुमारी का स्वागत किया. ग्रामीणों ने बारी-बारी से उन्हें माल्यार्पण कर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया. समारोह के दौरान ग्रामीणों के बीच मिठाइयां भी वितरित की गईं. गांव की बेटी को राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धि से ग्रामीणों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला.
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में शिक्षिका खुशबू कुमारी के पति सह प्रधानाध्यापक, एनपीएस कोला, बांका के मनीष आनंद, कार्यक्रम संयोजक अर्जुन साह, बुद्धिजीवी विजय आनंद, वरिष्ठ शिक्षक पीयूष झा, पूर्व मुखिया नीरज कुमार, मंडल अध्यक्ष ज्योतिष मंडल, संजय साह, राजा भैया, घनश्याम साह, अशोक मंडल, आनंद कुमार, रौशन कुमार, शिवजी साह, सदानंद कुमार, महेश मंडल, उमेश मंडल, अशोक गुप्ता, पप्पू साह, गुलशन कुमार, शशिकांत पांडेय, रंजन चौधरी, कमल कुमार, गुड्डु गुप्ता, ट्विंकल कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.