Banka Weather : बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र ने 8 से 12 अगस्त तक बांका जिले में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहेंगे. एक-दो स्थानों पर आंधी चलने की भी संभावना जतायी गयी है. अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार बांका, भागलपुर समेत दक्षिण-पूर्वी बिहार के अन्य जिलों में 50 से 55 प्रतिशत तक बारिश की प्रबल संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. बादल गरजने और बिजली कड़कने को लेकर भी चेतावनी जारी की गयी है.
बंगाल की खाड़ी के मौसमी सिस्टम से बढ़ी बारिश की गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और आसपास बने मौसमी सिस्टम के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है. इसी वजह से बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं. बांका में आर्द्रता सुबह 85 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 60 से 65 प्रतिशत तक रहने की संभावना है. दक्षिण-पूर्व दिशा से 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
धान रोपनी में तेजी, उपज को लेकर किसानों को अहम सलाह
बारिश की संभावना से जिले में धान रोपनी का काम तेज हो गया है. कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को अगस्त के पहले सप्ताह तक रोपनी पूरी करने की सलाह दी है. रोपनी में अधिक देरी होने पर धान की उपज में 15 से 20 प्रतिशत तक कमी आ सकती है.
वैज्ञानिकों ने 18 से 25 दिन पुराने स्वस्थ पौधों का इस्तेमाल करने और पौधों के बीच 15×15 सेंटीमीटर की दूरी रखने की सलाह दी है. नमी की कमी से होने वाले संभावित नुकसान की भरपाई के लिए सामान्य से अधिक स्वस्थ पौधों की रोपाई करने को भी कहा गया है.
गरज-चमक के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है. गरज-चमक शुरू होने पर तुरंत किसी पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी गयी है. किसानों को भी आंधी और बिजली चमकने के दौरान खेतों में काम करने से बचने को कहा गया है.
