अमरपुर में जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत, पति गिरफ्तार, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

तारडीह गांव में विवाहिता नंदनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पति ने प्रेम संबंध का आरोप लगाया, जबकि मायके वालों ने जहर देकर हत्या का इल्जाम लगाया है. पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है.

अमरपुर प्रखंड के तारडीह गांव में बुधवार की देर रात एक विवाहिता की जहर खाने से मौत हो गई. मृतका की पहचान नंदनी कुमारी के रूप में हुई है. बताया गया कि किसी बात को लेकर नंदनी और उसके पति उत्तम कुमार के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद महिला ने कथित तौर पर जहर खा लिया. कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टी होने पर परिजन उसे आनन-फानन में रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे.

अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सक ने मृत घोषित किया

रेफरल अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने जांच के बाद नंदनी को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया.

पति ने दूसरी युवक से संबंध का लगाया आरोप

अस्पताल में मौजूद मृतका के पति उत्तम कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ में निजी नौकरी करता है. उसके मुताबिक, उसकी अनुपस्थिति में पत्नी के किसी युवक के साथ कथित संबंध की बात सामने आई थी. इस मामले को लेकर पूछताछ के बाद नंदनी करीब एक सप्ताह से गुमसुम रहने लगी थी. उत्तम ने बताया कि बुधवार की शाम वह जलावन लेने फैतपुर गांव गया था. वहां से लौटने पर उसने पत्नी को उल्टी करते देखा. पूछने पर नंदनी ने जहर खाने की बात बताई, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया.

मायके वालों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद नंदनी के मायके से उसकी मां ललिता देवी, पिता मन्नु दास और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे. बेटी का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मृतका की मां ने अपने दामाद उत्तम कुमार पर साजिश के तहत बेटी को जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया.

छह साल पहले हुई थी शादी, दो छोटे बच्चे

मृतका की मां ने बताया कि करीब छह वर्ष पहले नंदनी की शादी तारडीह गांव निवासी कपिल दास के पुत्र उत्तम कुमार से हुई थी. शादी के बाद नंदनी ने दो बच्चों को जन्म दिया. इनमें बड़ा बेटा दिव्यांशु कुमार तीन वर्ष और छोटा बेटा अंकुश कुमार करीब डेढ़ वर्ष का है. मां का आरोप है कि बच्चों के जन्म के बाद से ही उत्तम नंदनी पर किसी अन्य युवक से संबंध होने का आरोप लगाकर उसे प्रताड़ित करता था. परिवार की ओर से कई बार उसे समझाने का प्रयास भी किया गया था.

पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर भेजा जेल

घटना की सूचना मिलने पर दारोगा संजय कुमार गुप्ता अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच की. थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले में आरोपी पति उत्तम कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >