घर में घुसे युवक को कट्टा व कारतूस के साथ पकड़ा, बंधक बनाकर पीटा

शंभुगंज थाना क्षेत्र के बेलारी गांव में सोमवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक घर में घुसे युवक को घरवालों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया.

शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र के बेलारी गांव में सोमवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक घर में घुसे युवक को घरवालों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया. आरोप है कि युवक के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे बंधक बनाकर जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है.

जानकारी के अनुसार, बेलारी गांव निवासी मो मुदस्सिर पिता मो मुजम्मिल के घर में गांव के ही मो एजाज उर्फ अनमोल पिता मो महफूज सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में घुस गया. घरवालों की नजर पड़ते ही युवक बचने के लिए पलंग के नीचे छिप गया. परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और खोजबीन कर युवक को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस मिलने की बात कही जा रही है. हथियार मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और लोगों ने युवक को बंधक बनाकर उसकी पिटाई कर दी. हालांकि पकड़े गये युवक के परिजन और उसके साथ कुछ ग्रामीणों ने बंधक बनाये युवक को जबरन छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके. बाद में स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गयी, जिसके बाद शंभुगंज थाने की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

घटना को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग कहानी

इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग कहानी सामने आई हैं. आरोपी मो एजाज उर्फ अनमोल का कहना है कि वह कलकत्ता में कपड़ा सिलाई करने का काम करता है और वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए घर गया था और उसे फंसाने के लिए जबरन कट्टा और कारतूस थमा दिया गया. वहीं घर के मालिक मो मुदस्सिर का आरोप है कि कुछ महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था और युवक हत्या की नीयत से हथियार लेकर घर में घुसा था. शंभुगंज पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. लिखित आवेदन देने के बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आयेगी. फिलहाल गांव में पुलिस की नजर बनी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >