Kanwariya Path : बारिश के बाद जमुआ मोड़ के समीप बने सब-वे में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा हो गया है, जिससे कांवरिया श्रद्धालुओं को पैदल गुजरने में कठिनाई हो रही है. कई श्रद्धालु पानी से भरे रास्ते में संतुलन खोकर फिसलते भी नजर आए.
आवागमन में हो रही भारी दिक्कत
कांवरियों का कहना है कि सब-वे से गुजरते समय पानी और कीचड़ के कारण काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है. लंबी पैदल यात्रा के बाद इस स्थान पर जलजमाव उनकी परेशानी को और बढ़ा देता है. श्रद्धालुओं ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है.
शाम ढलते ही बढ़ जाता है खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार सब-वे में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से शाम के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है. अंधेरे में पानी से भरे रास्ते से गुजरना कांवरियों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है. इससे फिसलने और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है.
स्थायी समाधान की उठी मांग
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से जमुआ मोड़ सब-वे में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करने की मांग की है. उनका कहना है कि श्रावणी मेला जैसे बड़े आयोजन में कांवरियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है.
