स्कूल और घरों के ऊपर लटक रहा 11 हजार वोल्ट का तार, चांदन में बड़े हादसे का बढ़ा खतरा

Banka News : अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो चांदन में झूलता 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकता है. स्कूल की छत और रिहायशी घरों के बेहद करीब से गुजर रहा यह तार ग्रामीणों के लिए रोजाना डर का कारण बना हुआ है.

चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट

चांदन प्रखंड की चांदन पंचायत के वार्ड संख्या 10 में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार लोगों की जान पर खतरा बनकर मंडरा रहा है. सरकारी विद्यालय और कई घरों के बेहद नजदीक से गुजर रहा यह तार हाल की आंधी-तूफान के बाद और अधिक नीचे झूलने लगा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं.

घरों और आबादी के बीच गुजर रहा हाइटेंशन तार

ग्रामीणों के अनुसार हाईटेंशन बिजली लाइन रिहायशी इलाके के बीच से गुजर रही है. कई घरों के ऊपर और आसपास से गुजरने वाले तार की ऊंचाई काफी कम हो गई है. ऐसे में घर निर्माण, मरम्मत या दैनिक कार्यों के दौरान लोगों को हमेशा दुर्घटना का डर सताता रहता है.

विद्यालय के बच्चों पर भी मंडरा रहा खतरा

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्राथमिक उर्दू विद्यालय की छत के ऊपर भी हाईटेंशन तार काफी नजदीक से गुजर रहा है. स्कूल आने वाले बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं. उनका कहना है कि यदि समय रहते तार को दूसरी जगह स्थानांतरित नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.

आंधी-तूफान के बाद और बढ़ी चिंता

ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार को आए तेज आंधी-तूफान के बाद बिजली का तार पहले की तुलना में और अधिक नीचे झूल गया है. इससे करंट लगने या तार टूटकर गिरने की आशंका बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है.

शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है.

ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश

लगातार अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. लोगों का कहना है कि विभाग शायद किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेगा. ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से अविलंब हाईटेंशन तार को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से पहले खतरे को टाला जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar sinh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >