बौंसी (बांका). नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार को दिनभर हुई तेज बारिश ने बौंसी नगर की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी. महज कुछ घंटों की बारिश के बाद नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी और कई वार्डों में सड़कें, बाजार व रिहायशी इलाके पानी में डूब गये. स्थानीय लोगों ने नालों की सफाई नहीं होने और ड्रेनेज सिस्टम के फेल होने के लिए जिम्मेदार ठहराया. सबसे अधिक परेशानी वार्ड 12, 13, 15, 17, 18 और 19 में देखने को मिली. थाना कॉलोनी की मुख्य सड़क तथा भूरना रोड स्थित मेडिकल क्लीनिक के पास सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गयी. लोगों को मोटर से पानी निकासी करना पड़ा.
सड़क पर पानी जमा होने से आवाजाही में परेशानी
सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित रहा और लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. बाजार क्षेत्र में भी घुटनों तक पानी भर गया. कई दुकानों में बारिश का पानी घुसने से खाद्य सामग्री, दवाइयां और अन्य सामान भीगकर खराब हो गये. दुकानदारों ने लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान जताते हुए प्रशासन से राहत की मांग की है. रिहायशी इलाकों में स्थिति और भी चिंताजनक रही. वार्ड 19, 15 और 6 के कई घरों में नालों का गंदा पानी घुस गया. लोगों को रातभर जागकर घरेलू सामान और छोटे बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना पड़ा.
बुजुर्ग व बीमार लोगों को ज्यादा परेशानी
बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी. जलजमाव से नाराज नगरवासियों ने नगर पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता. लोगों ने प्रशासन से युद्धस्तर पर नालों की सफाई, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था और प्रभावित दुकानदारों व परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
