शादी समारोह में मेहमान को बेरहमी से मारपीट कर किया घायल
आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसहराडीह गांव में मंगलवार की देर रात्रि शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे मेहमान को बेवजह गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट कर जख्मी कर दिया.
गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध आनंदपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज
कटोरिया. आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसहराडीह गांव में मंगलवार की देर रात्रि शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे मेहमान को बेवजह गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट कर जख्मी कर दिया. जख्मी मेहमान छोटू पासवान पिता राजेंद्र पासवान ग्राम माथाकेसो थाना सरैयाहाट जिला दुमका को इलाज के लिए कटोरिया सीएचसी में भर्ती कराया गया. जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा विनोद कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार किया. घटना के संबंध में मूसहराडीह गांव निवासी रामजी पासवान की पत्नी सुनिता देवी ने गांव के ही विक्रम पासवान सहित चार युवकों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है. जिसमें उसने बताया है कि मेरे घर शादी कार्यक्रम में पहुंचे मेहमान छोटू पासवान रात्रि करीब ग्यारह बजे पंडाल में बैठकर खाना खा रहा था. तभी वहां पहुंचे गांव के ही विक्रम पासवान ने मेहमान को खाना खाते देख उल्टा-पुल्टा बोलने लगा. फिर अन्य तीन युवक रॉड व चाकू लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए कुर्सी से उठाकर बेरहमी से मारपीट करने लगे. जिससे छोटू पासवान जख्मी हालत में बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. थाना में दर्ज करायी गयी रिपोर्ट में बताया गया है कि मारपीट करने वाले युवकों के मुंह से शराब पीने की बदबू भी आ रही थी. आनंदपुर थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.