अतिक्रमण से बंद हो गया नाला, 150 घरों की आबादी जलजमाव से परेशान

रणगांव पंचायत अंतर्गत रणगांव गांव के वार्ड आठ में नाला के रास्ते पर अतिक्रमण कर दिये जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

पंजवारा. रणगांव पंचायत अंतर्गत रणगांव गांव के वार्ड आठ में नाला के रास्ते पर अतिक्रमण कर दिये जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नाला बंद होने से करीब डेढ़ सौ घरों की आबादी का पानी निकासी पूरी तरह बाधित हो गयी है, जिससे इलाके में जलजमाव की स्थिति बन गयी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से उनके टोले का पानी इसी रास्ते से होकर निकलता रहा है. यहां पानी निकासी के लिए पुलिया भी बनाया गया है, लेकिन पुलिया के दूसरी ओर कुछ लोगों ने जमीन को अपना बताकर कब्जा कर लिया और नाला को बंद कर दिया. इसके कारण पिछले ढाई महीने से इलाके में पानी जमा हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है. वार्ड आठ के ग्रामीण शिवशंकर पंजियारा, वकील वैध, पंकज कुमार साह, राजेंद्र वैध, मन्नू वैद्य, विकास कापरी, श्यामसुंदर साह, तुलसी पंजियारा, बाबूलाल पंजियारा, नंदनी देवी, पूनम देवी, ममता देवी एवं जया देवी ने बताया कि नाला बंद होने से जल निकासी पूरी तरह ठप हो गयी है. इससे गंदा पानी जमा हो रहा है और बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है. वहीं स्कूली बच्चों एवं बुजुर्गों को आने-जाने में भी कठिनाई हो रही है. वार्ड सदस्य विरकांत वैद्य एवं सरपंच प्रतिनिधि जवाहर पंजियारा ने बताया कि इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन अंचलाधिकारी को दिया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. वहीं मुखिया प्रतिनिधि अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले की जानकारी बीडीओ और अंचलाधिकारी को दी है. अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है. इस संबंध में बीडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था. अब जानकारी मिली है, जिसके बाद पंचायत सचिव को मौके पर भेजकर जांच करायी जायेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GOURAV KASHYAP

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >