Banka News : रजौन थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर रूपसा गांव में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. गांव निवासी सरयुग दास (60) मोबाइल चार्ज करने के लिए घर के बिजली बोर्ड में चार्जर लगा रहे थे. इसी दौरान वे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े.
परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. ज्योति भारती ने उनका प्राथमिक उपचार किया.
खतरे से बाहर बताई गई हालत
अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि हादसा सुबह घर में मोबाइल चार्ज करते समय हुआ. उपचार कर रहे चिकित्सक ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण वृद्ध की स्थिति अब खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है.
बिजली उपकरणों के उपयोग में बरतें सावधानी
चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बिजली के उपकरणों का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतें. विशेष रूप से खराब तार, खुले बिजली बोर्ड या गीले हाथों से बिजली के उपकरणों को छूने से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
