बांका में मिठाई दुकान में खौलते तेल की कड़ाही में गिरा 10 वर्षीय मासूम, इलाज के दौरान मौत

Banka Accident News : रजौन थाना क्षेत्र के राजावर चौक स्थित एक मिठाई दुकान में लापरवाही के कारण 10 वर्षीय शुभम की मौत हो गई. खौलते तेल की कड़ाही में गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया था. परिजनों ने दुकानदार पर मदद न करने का भी आरोप लगाया है.

Banka Accident News : रजौन थाना क्षेत्र के राजावर चौक स्थित एक मिठाई दुकान में हुई लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली. खौलते तेल की कड़ाही में गिरने से गंभीर रूप से झुलसे 10 वर्षीय शुभम कुमार की भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. बुधवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

नाना के घर रहकर पढ़ाई करता था शुभम

मृतक शुभम कुमार धोरैया प्रखंड के बड़ेरी गांव निवासी सिंटू मंडल का 10 वर्षीय पुत्र था. वह अपने नाना के घर रजौन थाना क्षेत्र के बखड्डा गांव में रहकर पढ़ाई करता था. बुधवार को जब उसका शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया.

मिठाई दुकान में हुआ दर्दनाक हादसा

परिजनों के अनुसार मंगलवार को शुभम अपने मामा मिथुन कुमार के साथ किसी काम से राजावर चौक गया था. इसी दौरान वह नाश्ता करने अमन साह की मिठाई दुकान पर पहुंचा. आरोप है कि दुकान में सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी के अभाव में वह खौलते तेल की कड़ाही में गिर गया, जिससे उसका शरीर गंभीर रूप से झुलस गया.

मदद करने के बजाय भागने का आरोप

मृतक के मामा ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद दुकानदार ने बच्चे की मदद करने के बजाय मौके से भागने का प्रयास किया. हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी.

मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल शुभम को रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बरारी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया.

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

रजौन थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की आधिकारिक सूचना थाना को प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि फर्दबयान प्राप्त होने या परिजनों द्वारा लिखित शिकायत देने के बाद मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >