रात में गोदाम से अनाज उठाव पर बवाल, निगरानी टीम गठित करने की उठी मांग

रात में गोदाम से अनाज उठाव पर बवाल,

पंजवारा. प्रखंड मुख्यालय स्थित एसएफसी गोदाम से देर रात तक अनाज उठाव और माप-तौल के बिना जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानदारों को खाद्यान्न दिए जाने को लेकर शनिवार को आयोजित पंचायत समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जतायी. सदस्यों ने एक सुर में गोदाम प्रबंधन पर अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए और गोदाम की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की. बैठक की अध्यक्षता प्रमुख खुशबू कुमारी ने किया. प्रतिनिधियों ने कहा कि गोदाम से अनाज वितरण के दौरान पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और देर रात तक बिना माप-तौल के वितरण किया जा रहा है. इस पर उपस्थित अधिकारियों ने जांच का भरोसा दिलाया.

रोजगार सेवक और पंचायत सचिव पर भी लगे आरोप

पंजवारा पंचायत के मुखिया भोला पासवान ने रोजगार सेवक की कार्यशैली पर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि पंचायत सेवक क्षेत्र में भ्रमण नहीं करते, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने तत्काल स्थानांतरण की मांग की. वहीं खड़िहारा पंचायत के मुखिया ने पंचायत सचिव नारायण मिश्र पर बिना सूचना के चेक पर हस्ताक्षर और ओटीपी लेकर कार्य संपन्न करने का आरोप लगाया.

पीएचईडी और बिजली विभाग की भी हुई शिकायत

औरिया व महुआ पंचायत के सदस्यों ने पीएचईडी द्वारा खराब चापाकलों की मरम्मत में रुचि नहीं लेने की बात कही. शिकायत के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर सदन में नाराजगी जतायी गयी. उप प्रमुख आशुतोष कुमार ने सबलपुर पंचायत के सरूका गांव में बिजली कनेक्शन मिलने के बावजूद पोल आदि नहीं लगाने पर नाराजगी जाहिर की.

फसल क्षति बीमा पर भी उठे सवाल

महुआ पंचायत के समिति सदस्य चंदन कुमार सिंह ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी पर फसल क्षति बीमा के सर्वेक्षण में अनियमितता का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्यालय में बैठकर कागजी खानापूरी कर दी गयी, जिससे किसान वंचित रह गये. सदन में मौजूद सभी प्रतिनिधियों ने उनके समर्थन में आवाज उठाई. बैठक में बीडीओ गोपाल कुमार गुप्ता, सीओ विकास कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. एस.एस. दास, स्वास्थ्य प्रबंधक मनोज कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुशील धौन, खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी समेत कई अधिकारी व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GOURAV KASHYAP

GOURAV KASHYAP is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >