पंजवारा (बांका) से गौरव कश्यप की रिपोर्ट: पंजवारा-भेड़ामोड़ मुख्य मार्ग के किनारे स्थित बैदाचक बाजार में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां बिजली के एक पोल से टूटकर लटका तार पिछले दो दिनों से राहगीरों और दुकानदारों के लिए जानलेवा बना हुआ है. तेज हवा के कारण यह तार टूटकर नीचे की ओर झूल रहा है, जिससे बाजार क्षेत्र में कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है.
11 हजार वोल्ट की लाइन से संपर्क का खतरा
स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों के अनुसार, टूटे हुए तार के ठीक पास से ही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है. हवा के झोंकों से टूटे हुए तार के हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने का खतरा बना हुआ है. यदि ऐसा होता है, तो पूरे बाजार क्षेत्र में करंट फैल सकता है और भारी जान-माल की क्षति हो सकती है. इस स्थिति के कारण बाजार आने-जाने वाले लोगों और स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है.
सूचना के बाद भी बेखबर है बिजली विभाग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तार टूटने की सूचना तत्काल बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को दे दी गई थी. लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी अब तक विभाग की ओर से न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा है और न ही तार को दुरुस्त किया गया है. विभागीय उदासीनता को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है.
जल्द मरम्मत की मांग
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द इस टूटे हुए तार को ठीक किया जाए. लोगों का कहना है कि व्यस्त बाजार होने के कारण यहां बच्चों और मवेशियों की आवाजाही भी बनी रहती है, ऐसे में यह लटकता तार कभी भी काल का ग्रास बन सकता है. फिलहाल, लोग खुद ही सावधानी बरतते हुए उस स्थान से बचकर निकल रहे हैं.
