बेलहर बांका से अभय कुमार ‘सोनू’ की रिपोर्ट
BPSC Success Story: बांका जिले के बेलहर प्रखंड अंतर्गत साहेबगंज बाजार में उस समय खुशी का माहौल देखने को मिला, जब यहां के तीन प्रतिभाशाली युवाओं ने 70वींबीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई. इनमें एक अभ्यर्थी एसडीएम पद पर चयनित हुए, जबकि दो अन्य ने सीओ का पद प्राप्त किया. इस उपलब्धि पर नवयुवक संघ साहेबगंज की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर तीनों प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया.
साहेबगंज में निकली सम्मान यात्रा, मंदिरों में हुई पूजा-अर्चना
तीनों सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धि को लेकर नवयुवक संघ के सदस्यों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. सम्मान समारोह से पहले बाजार में नगर भ्रमण का आयोजन किया गया और विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
इसके बाद साहेबगंज दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर तीनों प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया.
BPSC Success Story: परिवार के त्याग और सहयोग को भी मिला सम्मान
सम्मान समारोह में केवल सफल अभ्यर्थियों को ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में एसडीएम बने सत्यम कुमार की माता कंचन देवी, सीओ बनी अनामिका आर्य के माता-पिता ममता देवी और विकास बरनवाल तथा सीओ बने अभिषेक कुमार के माता-पिता रूपा देवी और अरुण साह को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
स्थानीय लोगों ने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार के संघर्ष, त्याग और प्रोत्साहन की भी बड़ी भूमिका होती है.
नौकरी के साथ जारी रखी तैयारी, मेहनत लाई रंग
जानकारी के अनुसार सत्यम कुमार झारखंड में जीएसटी इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे. नौकरी के साथ लगातार मेहनत और तैयारी के बल पर उन्होंने बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर एसडीएम का पद प्राप्त किया.
वहीं अभिषेक कुमार पश्चिम बंगाल में कस्टम विभाग में कार्यरत थे और उन्होंने भी अपनी लगन और मेहनत के दम पर सीओ का पद हासिल किया. दूसरी ओर अनामिका आर्य ने पढ़ाई के दौरान ही बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर सीओ पद पर चयनित होकर मिसाल पेश की है.
ये भी पढ़े : बांका में धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा मानसून, बारिश और ठनका का अलर्ट
युवाओं के लिए प्रेरणा बने साहेबगंज के तीन सितारे
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि साहेबगंज के इन तीनों बेटा-बेटी ने पूरे समाज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता से अन्य छात्र-छात्राओं को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है.
उन्होंने कहा कि शिक्षा, मेहनत और निरंतर प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है और सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.
पूरे बाजार में जश्न का माहौल
तीनों अभ्यर्थियों की सफलता के बाद साहेबगंज बाजार में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यहां के और युवा भी प्रशासनिक सेवाओं में अपनी पहचान बनाएंगे.
ये भी पढ़े : बिना वैध वीजा के भारत में रह रहे बांग्लादेशी दंपती बांका के जमदाहा ठाकुरबाड़ी से गिरफ्तार
