अमरपुर (बांका). थाना क्षेत्र के कजरा मोड़ के समीप गुरुवार की दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक किशोर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान मैनमा ओपी थाना क्षेत्र के झाझा गांव निवासी रविंद्र यादव के 21 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचाया.
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित किया
दिवा गश्ती में मौजूद मैनमा ओपी के पीटीसी विनोद कुमार घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे. उन्होंने सभी घायलों को रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार ने जांच के बाद गुलशन कुमार को मृत घोषित कर दिया. घटना में झाझा गांव निवासी रविंद्र यादव, नयाचक गोरगम्मा निवासी बाइक चालक सोम कुमार और मंटू दास का 16 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार घायल हुए हैं. चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल सोम कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका रेफर कर दिया गया.
पर्व की खरीदारी के लिए बाजार आ रहे थे पिता-पुत्र
जख्मी रविंद्र यादव ने बताया कि गुरुवार की दोपहर वह अपने पुत्र गुलशन के साथ बाइक से पर्व को लेकर खरीदारी करने अमरपुर बाजार आ रहे थे. इसी दौरान कजरा मोड़ के समीप सामने से तेज गति से आ रहा बाइक चालक अनियंत्रित हो गया और उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों बाइक पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गये.
बेटे की मौत की खबर सुन अस्पताल पहुंची मां
गुलशन कुमार की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की मां शिरोमणि देवी समेत अन्य परिजन दहाड़ मारते हुए अस्पताल पहुंचे. परिजनों के चीख-पुकार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया. वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था गुलशन
ग्रामीणों के अनुसार गुलशन कुमार चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था. उसके भाई अभिषेक कुमार, अमिलेश कुमार और टीटू कुमार अपने पिता के साथ गांव में खेती-बाड़ी करते हैं. गुलशन की मौत के बाद झाझा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
अस्पताल में मौजूद मैनमा पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. मैनमा ओपी के थानाध्यक्ष अयांश रंजन ने बताया कि कजरा मोड़ के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से फिलहाल थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
