रिश्वत लेते सीओ गिरफ्तार

बांका के चांदन में जमीन पर दखल दिलाने के लिए मांगे 2 लाख, 20 हजार लेते सीओ गिरफ्तार

बांका जिले के चांदन अंचल में हड़कंप मच गया जब विशेष निगरानी की टीम ने अंचलाधिकारी रविकांत कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया. हाईकोर्ट के फैसले के बाद भी जमीन पर दखल दिलाने के लिए दो लाख रुपये की मांग की गई थी.

Chandan CO Bribery Case: बांका जिले के चांदन अंचल कार्यालय में बुधवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पटना से पहुंची विशेष निगरानी की टीम ने अंचलाधिकारी रविकांत कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई अंचल कार्यालय परिसर में ही की गयी. अचानक हुई निगरानी की इस कार्रवाई से प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया.

आरोप है कि हाईकोर्ट से जमीन संबंधी मामले में अपने पक्ष में फैसला मिलने के बाद भी रैयत को जमीन पर दखल-दिहानी दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में सीओ ने दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी. रैयत की शिकायत के बाद विशेष निगरानी इकाई ने मामले की जांच की और इसके बाद कार्रवाई की रणनीति तैयार की.

हाईकोर्ट के फैसले के बाद भी मांगी गयी रिश्वत

विशेष निगरानी इकाई के डीएसपी अरुण कुमार अकेला के अनुसार चांदन अंचल के झाझा गांव के मौरवे टोला निवासी रैयत सियाराम यादव का एक विवादित जमीन को लेकर टाइटल सूट का मामला चल रहा था. इस मामले में हाईकोर्ट से रैयत को अपने पक्ष में फैसला मिल चुका था.

बताया गया कि फैसले के बावजूद संबंधित जमीन पर विपक्षी का कब्जा बताया गया. इसके बाद रैयत ने जमीन पर दखल-दिहानी दिलाने के लिए अंचल कार्यालय में संपर्क किया. आरोप है कि इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के एवज में सीओ रविकांत कुमार ने रैयत से दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की.

रैयत ने इस संबंध में विशेष निगरानी इकाई में शिकायत दर्ज करायी. शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने सीओ को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार करने की योजना बनायी.

20 हजार रुपये लेते ही निगरानी टीम ने दबोचा

बुधवार को बांका जिला मुख्यालय में आयोजित बैठक से लौटने के बाद सीओ रविकांत कुमार चांदन अंचल कार्यालय पहुंचे. इसी दौरान निगरानी टीम भी मौके पर पहुंची हुई थी.

रैयत से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते ही विशेष निगरानी टीम ने सीओ को रंगे हाथ पकड़ लिया. कार्रवाई अंचल कार्यालय परिसर में ही हुई. टीम ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सीओ को हिरासत में ले लिया.

कार्रवाई की जानकारी मिलते ही प्रखंड और अंचल कार्यालय में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया. कुछ ही देर में पूरे कार्यालय परिसर में सीओ की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बन गयी.

शिकायत के बाद निगरानी ने तैयार किया था जाल

विशेष निगरानी इकाई की कार्रवाई रैयत की शिकायत के आधार पर की गयी. शिकायत में जमीन पर दखल-दिहानी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था.

शिकायत की जांच और आवश्यक सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई की तैयारी की. बुधवार को सीओ के अंचल कार्यालय पहुंचने के बाद टीम ने योजना के अनुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें रिश्वत लेते पकड़ लिया.

Chandan CO Bribery Case: विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जायेगा

सीओ रविकांत कुमार की गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है. बताया गया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद गिरफ्तार सीओ को विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जायेगा.

इस कार्रवाई के बाद चांदन प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में पूरे दिन हलचल बनी रही. सरकारी अधिकारी के रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार होने की सूचना के बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच भी इसकी चर्चा होती रही.

Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा

Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >