कटोरिया में गूंजा ‘भारत माता की जय’, छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

कटोरिया में 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम के तहत स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली. राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकली छात्राओं के जोश और नारों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ही पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया.

‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को कटोरिया में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. प्रखंड मुख्यालय से शुरू हुई यात्रा में इंटरस्तरीय प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकली छात्राओं के देशभक्ति नारों से शहर की सड़कें गूंजती रहीं. ढोल-बैंड की धुन और तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ही पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया.

अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की यात्रा

प्रखंड मुख्यालय से निकली तिरंगा यात्रा को बीडीओ देवाशीष कुमार, सीओ दिव्य प्रकाश, बीईओ मनोज मिश्र, बीपीआरओ उपेंद्र कुमार, पीओ प्रशांत कुमार और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रिचा कुमारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यात्रा शुरू होने से पहले राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और बिहार गीत का सामूहिक गायन किया गया.

इसके बाद छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ यात्रा शुरू की. अधिकारियों ने भी छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और स्वतंत्रता दिवस के महत्व का संदेश दिया.

छात्राओं के नारों से गूंज उठा कटोरिया

तिरंगा यात्रा प्रखंड मुख्यालय से निकलकर बांका रोड, कटोरिया चौक और थाना रोड होते हुए पुनः प्रखंड मुख्यालय पहुंची. पूरे रास्ते छात्राएं देशभक्ति नारों के साथ आगे बढ़ती रहीं.

‘भारत देश सबसे प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’, ‘वंदे मातरम्’, ‘इंकलाब का नारा है, भारत देश हमारा है’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे नारों ने राहगीरों और स्थानीय लोगों में भी उत्साह भर दिया. हाथों में लहराते तिरंगे और छात्राओं के जोश ने यात्रा को खास बना दिया.

देशभक्ति के साथ दिखा अनुशासन का संगम

तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारी और जवान विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रहे. यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से पूरी हुई. ढोल-बैंड की धुन के बीच तिरंगा थामे छात्राओं की कतार आकर्षण का केंद्र बनी रही.

शिक्षकों और शिक्षाविदों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में प्रोजेक्ट गर्ल्स हाईस्कूल की एचएम निशा सिंह, आइडियल होली मिशन आवासीय विद्यालय के निदेशक भीष्म नारायण, संत जेवियर्स स्कूल के कुमार गौरव उर्फ गुड्डू सिंह, संतोष कुमार गुप्ता, शिक्षक सुबोध कुमार, उज्ज्वल कुमार, दिलीप शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

तिरंगा यात्रा के दौरान कटोरिया में देशभक्ति और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला. स्वतंत्रता दिवस से पहले निकली इस यात्रा ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >