मुख्य बातें
- मेधावियों को मिला प्रेरणा का संदेश
- डीएम ने दिया स्वामी विवेकानंद के संदेश का मंत्र
- करियर मार्गदर्शन के लिए लगे विशेष स्टॉल
बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट
Banka Topper Felicitation 2026: बांका शहर के चंद्रशेखर सिंह नगर भवन में गुरुवार को प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया गया. समारोह में बिहार बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा सभागार उत्साह और ऊर्जा से सराबोर नजर आया.
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मंत्री सह बांका विधायक रामनारायण मंडल, कटोरिया विधायक पूरण लाल टुडू, जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल, नगर परिषद सभापति बालमुकुंद सिन्हा और उपसभापति डॉ विनिता प्रसाद सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
Banka Topper Felicitation 2026: मेधावियों को मिला प्रेरणा का संदेश
अपने संबोधन में रामनारायण मंडल ने विद्यार्थियों को भविष्य में आईएएस, आईपीएस और अन्य क्षेत्रों में सफलता हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों को आगे बढ़ने का उत्साह प्रदान करते हैं.
वहीं पूरण लाल टुडू ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के मनोबल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं.
डीएम ने दिया स्वामी विवेकानंद के संदेश का मंत्र
जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने अपने संबोधन की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के प्रेरक संदेश ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए’ से की. उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह विद्यार्थियों को नई उपलब्धियों के लिए प्रेरित करते हैं.
उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑनलाइन शिक्षा और डिजिटल संसाधनों के बढ़ते महत्व पर भी प्रकाश डाला और कहा कि आज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान हो गई है. साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.
बीपीएससी सफल अभ्यर्थियों को भी किया गया सम्मानित
समारोह में इस वर्ष बीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले जिले के अभ्यर्थियों को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान से हुई, जिसके माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया.
वक्ताओं ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया.
तकनीक ने बनाया पंजीकरण आसान
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विधानसभा क्षेत्रवार पांच अलग-अलग पंजीयन काउंटर बनाए गए थे. साथ ही ऑनलाइन पंजीयन की भी व्यवस्था की गई थी. छात्र-छात्राओं ने क्यूआर कोड स्कैन कर अपना पंजीयन कराया, जिससे पूरी प्रक्रिया सरल और व्यवस्थित बनी रही.
करियर मार्गदर्शन के लिए लगे विशेष स्टॉल
जिले और आसपास के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों ने भी समारोह में भाग लिया. संस्थानों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर विकल्पों और लक्ष्य निर्धारण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं.
विद्यार्थियों ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर विशेषज्ञों से अपने भविष्य और करियर को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया.
सम्मान के साथ मिला नयी उड़ान का हौसला
कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें हर वर्ष इस समारोह का इंतजार रहता है. उनका कहना था कि इस मंच पर सम्मानित होना गर्व की बात है और इससे आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है.
पूरे आयोजन के दौरान शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला. मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के साथ यह समारोह उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ.
ये भी पढ़े : मां का साथ बचपन में छूट गया, लेकिन सपना नहीं टूटा, नानी के घर पली हिमाली अब बनेंगी SDM, पढ़िए सफलता की पूरी कहानी
