बांका में विक्रमशिला सेतु बंद होने से बढ़ा ट्रांसपोर्ट खर्च, जानिए आज का ताजा मंडी भाव

Banka Mandi : बांका मंडी में विक्रमशिला सेतु बंद होने और बढ़ी परिवहन लागत का असर दिखने लगा है. जानिए गेहूं, मक्का, चावल, दाल, सरसों, आलू और प्याज का आज का ताजा मंडी भाव.

Banka Mandi : बांका मंडी में इन दिनों सिर्फ फसलों की आवक ही नहीं, बल्कि परिवहन व्यवस्था भी बाजार का रुख तय कर रही है. विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद माल ढुलाई का रास्ता लंबा हो गया है, जिससे ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ गई है. इसका असर अब धीरे-धीरे अनाज और अन्य कृषि उत्पादों की कीमतों पर भी दिखने लगा है. कारोबारियों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में खाद्यान्न समेत कई जरूरी वस्तुएं और महंगी हो सकती हैं.

विक्रमशिला सेतु बंद होने से बदली मंडी की तस्वीर

बांका जिले की प्रमुख मंडियों में गेहूं, चावल, दाल और अन्य कृषि उत्पादों की बड़ी मात्रा पूर्णिया के गुलाबबाग और कोलकाता की मंडियों से पहुंचती है. पहले ये माल भागलपुर के विक्रमशिला सेतु से होकर सीधे बांका आता था.

लेकिन करीब दो महीने पहले विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद अब ट्रकों को मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है. इससे ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ गया है और इसका सीधा असर व्यापारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है.

माल ढुलाई महंगी, इसलिए बढ़ सकते हैं खाद्यान्न के दाम

व्यापारियों का कहना है कि लंबा रूट और ईंधन की बढ़ी कीमतों ने माल ढुलाई को पहले की तुलना में महंगा बना दिया है. थोक व्यापारियों से लेकर खुदरा दुकानदारों तक सभी को अधिक भाड़ा देना पड़ रहा है.

यही वजह है कि फिलहाल कई जिंसों के भाव स्थिर होने के बावजूद बाजार में आगे कीमत बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. कारोबारियों का मानना है कि यदि परिवहन लागत इसी तरह बढ़ती रही तो इसका असर सीधे उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा.

फिलहाल अनाज की आवक सामान्य, इसलिए कीमतें स्थिर

बुधवार को बांका मंडी में गेहूं, चावल, दाल, सरसों और अन्य कृषि उत्पादों की आवक सामान्य रही. पर्याप्त आपूर्ति होने के कारण अधिकांश खाद्यान्न के भाव में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया.

हालांकि सब्जी मंडी में आलू और प्याज की कीमतों में रोज की तरह हल्का उतार-चढ़ाव बना रहा. मंडी विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम और आवक बाजार की दिशा तय करेंगे.

Banka Mandi: बांका मंडी का आज का ताजा भाव

बुधवार को गेहूं 2600 से 2650 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका, जबकि मक्का 2100 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल रहा.

चावल मंसूरी का भाव 3250 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल, अरवा मोटा चावल 3100 से 3250 रुपये प्रति क्विंटल और बासमती चावल 12500 से 13500 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.

दालों में मसूर 6000 से 6550 रुपये, मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये और अरहर दाल 11500 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल रही.

गोटा चना 6200 से 6400 रुपये तथा गोटा मूंग 8500 से 9000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच कारोबार करता रहा.

तेलहन में पीला सरसों 7300 से 7550 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि 15 लीटर सरसों तेल का भाव 2070 से 2470 रुपये के बीच दर्ज किया गया.

सब्जियों में आलू 1200 से 1450 रुपये प्रति क्विंटल और प्याज 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका.

किसानों और कारोबारियों की नजर अब मौसम और परिवहन पर

मंडी के कारोबारियों का कहना है कि फिलहाल बाजार पूरी तरह दो चीजों पर निर्भर है. पहली, आने वाले दिनों में कृषि उत्पादों की आवक कैसी रहती है और दूसरी, परिवहन व्यवस्था कब सामान्य होती है.

Also Read: अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध प्रभाग की कार्रवाई जारी.

Also Read: आज से पूरे बिहार में शुरू होगा आंधी-पानी का दौर, इन 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD की एडवाइजरी जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >