बांका मंडी में दलहन में तेजी के संकेत, गेहूं और मक्का में नरमी, जानिए आज का ताजा बाजार भाव

Banka Mandi Bhav: बांका मंडी में दलहन के दाम चढ़ने लगे, जबकि गेहूं और मक्का पड़े नरम, पुल क्षतिग्रस्त होने से बढ़ी खाद्यान्न की ढुलाई लागत

Banka Mandi Bhav: बांका से मदन कुमार की रिपोर्ट. बांका मंडी में इन दिनों खाद्यान्न बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. कारोबारियों के अनुसार दलहन की कीमतों में तेजी के संकेत मिल रहे हैं, जबकि गेहूं और मक्का के भाव में नरमी बनी हुई है. विक्रमशिला सेतु और अमरपुर के जेठौर पुल के क्षतिग्रस्त होने से पूर्णिया गुलाबबाग मंडी से आने वाले मालवाहक वाहनों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिसका सीधा असर खाद्यान्नों की कीमत पर दिखाई दे रहा है.

पुल क्षतिग्रस्त होने से बढ़ी परिवहन लागत

स्थानीय थोक कारोबारियों का कहना है कि विक्रमशिला पुल और जेठौर पुल की खराब स्थिति के कारण माल ढुलाई में परेशानी हो रही है. वाहनों को लंबा रूट लेना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ गई है.

हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने भी बाजार पर असर डाला है. कारोबारियों के मुताबिक इसी वजह से मंडी में रोजाना खाद्यान्नों की कीमत में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है.

गेहूं और मक्का के भाव में नरमी

बांका मंडी में गेहूं का भाव 2550 से 2600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है. वहीं मक्का का रेट 2060 से 2100 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया है. कारोबारियों का मानना है कि फिलहाल इन दोनों जिंसों में बाजार दबाव बना हुआ है.

हालांकि व्यापारियों का कहना है कि पुल और मौसम से जुड़ी दिक्कतें अस्थायी हैं और आने वाले एक सप्ताह में स्थिति सामान्य हो सकती है.

दलहन और चावल बाजार में बनी तेजी

दलहन के बाजार में तेजी का माहौल देखने को मिल रहा है. मसूर दाल का भाव 5550 से 6750 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. वहीं मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये और अरहर दाल 10600 से 14500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रही है.

चावल की कीमतों में भी मजबूती बनी हुई है. मंसूरी चावल 3200 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल और अरवा मोटा चावल 3050 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है. बासमती चावल का भाव 12500 से 13000 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है.

सरसों तेल और सब्जियों के रेट स्थिर

पीला सरसों 7300 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है. वहीं 15 लीटर सरसों तेल का भाव 2070 से 2470 रुपये तक पहुंच गया है.

सब्जियों में आलू का रेट 1200 से 1400 रुपये प्रति क्विंटल और प्याज 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया है.

Also Read: समधन पर हमले से भड़के जीतन राम मांझी, पुलिस को दिया अल्टिमेटम, कहा- नहीं तो करेंगे आंदोलन

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >