कटोरिया : कटोरिया बाजार निवासी शीतल प्रसाद गुप्ता का 23 वर्षीय पुत्र सागर भारती पिछले दस दिनों से लापता है. राधाकृष्ण द्वारिका कॉलेज पटना के बीकॉम पार्ट-वन का छात्र सागर एडमिट कार्ड लाने पटना गया था. 14 सितंबर को पटना पहुंचने के बाद छात्र सागर व उसके परिजनों के बीच रात्रि आठ बजे तक अंतिम बातचीत हुई थी. इसके बाद से ही सागर का मोबाइल स्वीच ऑफ है.
अपने स्तर से खोजबीन के बाद सागर के पिता ने गत 21 सितंबर को पटना के कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज करायी है. रिपोर्ट में पिता शीतल गुप्ता ने बताया है कि पटना के होटल दि आर्या में सागर ठहरा था. जहां से अगली सुबह होटल से उसके निकलने तक की जानकारी मिली है. सागर के पास कपड़े व किताब से भरे दो बैग व आठ हजार रुपये नकद हैं.
लापता छात्र सागर भारती की अक्सर बातचीत पटना के ही सागर नामक मित्र से होती थी. दस दिनों से सागर का कुछ भी पता नहीं चलने पर परिजनों को तरह-तरह की आशंकाएं हो रही है. छात्र सागर की मां छाया गुप्ता, पिता शीतल गुप्ता, बहन अर्चना गुप्ता, दादा नेमनारायण साह, दादी, चाचा पवन गुप्ता आदि किसी अनहोनी होने की आशंका को लेकर सशंकित भी हैं.
